वलगांव डबल मर्डर के बाद पुलिस एक्शन मोड पर

जुना बस स्टैंड परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे

* संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी 24 घंटे नजर
* हत्याकांड में आरोपियों के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड की जांच जारी
अमरावती/दि.28 – वलगांव शहर के जुना बस स्टैंड परिसर में 20 जुलाई की रात हुए दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. पुराने मंदिर परिसर से लेकर जुना बस स्टैंड तक पूरे इलाके को कवर करने के लिए अलग-अलग एंगल से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके.
पुलिस के अनुसार, इस क्षेत्र में पहले भी दो से तीन गंभीर घटनाएं हो चुकी हैं. लगातार बढ़ती आपराधिक वारदातों को देखते हुए पूरे परिसर को सीसीटीवी निगरानी में लाने का निर्णय लिया गया. गौरतलब है कि 20 जुलाई की रात वलगांव निवासी संजोग विकास जोशी और अमरावती के महाजनपुरा निवासी ऋतिक राजू उर्फ बंडू पंडित की घेरकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में पुलिस अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. रिमांड अवधि पूरी होने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
इधर, पुलिस आरोपियों से जब्त मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि घटना से पहले आरोपी किन-किन लोगों के संपर्क में थे. जांच के आधार पर इस मामले में कुछ और आरोपियों के शामिल होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है. पुलिस का मानना है कि सीसीटीवी कैमरे लगने के बाद जुना बस स्टैंड परिसर में देर रात जमावड़ा लगाने वाले संदिग्ध लोगों और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सकेगी.

Back to top button