आरटीओ कार्यालय में ‘नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान-2026’ का आयोजन

अमरावती/दि.30– महाराष्ट्र शासन के निर्देशानुसार ‘नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान-2026’ के तहत गुरुवार को प्रादेशिक परिवहन कार्यालय, अमरावती में जनजागरूकता कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता उप प्रादेशिक परिवहन अधिकारी नंदकिशोर काले ने की.
इस अवसर पर सहायक मोटर वाहन निरीक्षक कांचन जाधव ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई. कार्यक्रम में मोटर वाहन निरीक्षक, सहायक मोटर वाहन निरीक्षक, आरटीओ कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान सभी से आह्वान किया गया कि वे स्वयं से शुरुआत करते हुए परिवार, कार्यस्थल और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाएं. साथ ही युवाओं से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सशक्त और जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई. कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन जनसंपर्क अधिकारी अनिल मानकर ने किया. आरटीओ कार्यालय ने इस आयोजन के माध्यम से शासन के नशामुक्ति अभियान में सक्रिय सहभागिता दर्ज कराते हुए व्यसनमुक्त समाज के निर्माण का प्रभावी संदेश दिया.

Back to top button