अकोला महावितरण में सुरक्षा गार्डों के शोषण का आरोप

एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

अकोला /दि.30- महाराष्ट्र राज्य विद्युत उत्पादन रोजगार मजदूर सेना के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष भाई जी.एम. भालेराव ने आरोप लगाया है कि महावितरण के अंतर्गत अकोला जिले के विभिन्न सौर विद्युत परियोजनाओं में सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने वाली सीआईएसबी सिक्योरिटी एजेंसी सुरक्षा कर्मियों के कानूनी अधिकारों की अनदेखी कर रही है.
भालेराव के अनुसार, मेघा इंजीनियरिंग कंपनी के अधीन संचालित अधिकांश सौर विद्युत परियोजनाओं में बिजली उत्पादन शुरू होने के बावजूद सुरक्षा गार्डों को प्रचलित न्यूनतम वेतन और अन्य वैधानिक सुविधाएं नहीं मिल रही हैं. इस संबंध में 28 जुलाई को सुरक्षा गार्डों की ओर से अकोला महावितरण के संबंधित अधिकारी को लिखित ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन में सुरक्षा गार्डों को सुरक्षा गार्ड मंडल के अनुसार न्यूनतम वेतन, वेतन अंतर, बोनस, मकान किराया भत्ता, वार्षिक अवकाश वेतन, नियमानुसार पीएफ कटौती, यूएएन नंबर, 12 घंटे की ड्यूटी पर ओवरटाइम, 8 घंटे की नियमित ड्यूटी, साप्ताहिक अवकाश, छुट्टियों का वेतन, सुरक्षा उपकरण, पहचान पत्र तथा प्रत्येक माह की 10 तारीख तक वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई है. भाई जी.एम. भालेराव ने कहा कि संगठन ने संबंधित अधिकारियों को सात दिनों के भीतर सभी प्रभावित सुरक्षा गार्डों को उनके कानूनी अधिकार दिलाने की मांग की है. यदि निर्धारित अवधि में मांगें पूरी नहीं की गईं, तो पीड़ित सुरक्षा गार्डों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा. उन्होंने एजेंसी पर सुरक्षा गार्डों के अधिकारों का उल्लंघन करने का गंभीर आरोप भी लगाया.

Back to top button