पेपर लीक के खिलाफ युवक कांग्रेस का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
दोषियों पर सख्त कार्रवाई हेतु उठाई आवाज

* सीईटी व एफडीए इन्स्पेक्टर भर्ती परीक्षा की निष्पक्ष जांच की मांग
अमरावती/दि.30– राज्य में लगातार सामने आ रहे कथित पेपर लीक मामलों को लेकर युवाओं और विद्यार्थियों में बढ़ते आक्रोश के बीच अमरावती शहर युवक कांग्रेस ने आज जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने सीईटी परीक्षा तथा महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) के माध्यम से आयोजित खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) विभाग के इंस्पेक्टर पद की परीक्षा में कथित पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की.
युवक कांग्रेस पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर राज्य के गृहमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक के खिलाफ नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया. ज्ञापन में कहा गया कि राज्य के लाखों विद्यार्थी वर्षों तक कड़ी मेहनत और आर्थिक कठिनाइयों का सामना करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं. लेकिन बार-बार सामने आने वाले पेपर लीक मामलों से उनकी मेहनत और भविष्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं. इससे परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा हो रहा है. युवक कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं को केवल प्रशासनिक लापरवाही मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. यह एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है, जिसकी गहन जांच आवश्यक है.
संगठन ने मांग की कि सीईटी और एफडीए इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में सामने आए कथित पेपर लीक प्रकरण की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए. साथ ही पूरे पेपर लीक रैकेट का पर्दाफाश करते हुए इसके मास्टरमाइंड, दलालों और अन्य संबंधित दोषियों के खिलाफ कड़ी आपराधिक कार्रवाई की जाए. ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं में अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली, डिजिटल निगरानी और अधिक पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू की जाए.
युवक कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में दोषियों को बचाने का प्रयास किया गया या समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन राज्यभर में लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन छेड़ेगा. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के न्याय और उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए युवक कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा. प्रदर्शन में पूर्व प्रदेश सचिव समीर जवंजाल, अमरावती विधानसभा युवक कांग्रेस अध्यक्ष वैभव देशमुख, जिला उपाध्यक्ष अक्षय साबले, बडनेरा विधानसभा उपाध्यक्ष राहुल बागड़े, धनंजय बोबडे, अभिषेक सवई, शुभम हिवसे, नितीन ठाकरे, चैतन्य गायकवाड़, अभिषेक भोसले, साहिल वानरे, निशांत पवार, क्रिश बिसने सहित बड़ी संख्या में युवक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे.





