श्री संत गजानन महाराज के चरणों में 6.70 लाख रुपये मूल्य की लड्डू प्रसाद सामग्री समर्पित

गुरु पूर्णिमा पर भक्तों की अनूठी सेवा, 118 क्विंटल सामग्री अर्पित, संस्थान ने प्रदान की आधिकारिक रसीद

अमरावती/दि.30– गण गण गणांत बोते, माऊली जयश्री गजानन के गगनभेदी जयघोष और भक्तिमय वातावरण के बीच गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा संकलित लड्डू प्रसाद सामग्री श्री संत गजानन महाराज के पावन चरणों में समर्पित की गई. लड्डू प्रसाद उत्सव समिति, अमरावती के माध्यम से संचालित इस सेवा अभियान को गजानन भक्तों का भरपूर सहयोग मिला, जिसके परिणामस्वरूप बड़ी मात्रा में प्रसाद सामग्री एकत्रित कर संस्थान को अर्पित की गई. समिति द्वारा 29 जुलाई 2026 को श्री संत गजानन महाराज संस्थान में कुल 118 क्विंटल प्रसाद सामग्री समर्पित की गई. इसमें 66 क्विंटल शक्कर, 52 क्विंटल चना दाल तथा 103.89 किलोग्राम सूखा मेवा शामिल है. समर्पित सामग्री का कुल मूल्य 6,70,667 आंका गया है.
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में अमरावती सहित विभिन्न क्षेत्रों के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक योगदान देकर इस सेवा कार्य को सफल बनाया. भक्तों की आस्था और समर्पण के प्रतीक स्वरूप एकत्रित यह सामग्री संस्थान में तैयार होने वाले लड्डू प्रसाद के लिए उपयोग में लाई जाएगी, जिससे हजारों श्रद्धालु लाभान्वित होंगे. इस अवसर पर श्री संत गजानन महाराज संस्थान द्वारा समर्पित सामग्री की प्राप्ति स्वीकार करते हुए 6,70,667 की आधिकारिक रसीद लड्डू प्रसाद उत्सव समिति, अमरावती को प्रदान की गई.
कार्यक्रम के दौरान समिति के अध्यक्ष प्रमोद कराले, युवा स्वाभिमान पार्टी के मार्गदर्शक सुनील राणा, नगरसेवक राजेंद्र तायड़े सहित बड़ी संख्या में गजानन भक्त उपस्थित रहे. सभी ने श्री संत गजानन महाराज के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन कर समाज में सेवा, सहयोग और धार्मिक आस्था की इस परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया. भक्तों ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री संत गजानन महाराज की कृपा से ऐसे सेवा कार्य भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे और अधिकाधिक श्रद्धालु इस पुण्य उपक्रम से जुड़कर धर्म एवं समाज सेवा में अपना योगदान देंगे.

Back to top button