मंडी में नए सोयाबीन की सीमित आवक
रेट 6 हजार 200 से पार

* सूखे के कारण प्रति एकड एवरेज आधा
अमरावती /दि.3- दशहरे के पहले ही सोयाबीन की फसल मंडी में आवक प्रारंभ हो जाती है. इस बार भी जिले की धामणगांव, दर्यापुर मंडीयों में सोयाबीन लाया जा रहा है. धामणगांव में जहां 6400 रुपए प्रति क्विंटल से अधिक दाम मिला. वहीं अकोला में भी नए माल को अच्छा दाना रहने पर 6 हजार से अधिक रेट मिल रहा है. अमरावती मंडी सूत्रों ने बताया कि, यहां जिले के देहातों से नए माल की आवक शुरु हो गई है. पहले दिन एक हजार क्विंटल माल लाया गया था. जिसे मोटे तौर पर 5200-6200 रुपए रेट प्राप्त हुए हैं.
* एवरेज कम, आवक सीमित
मंडी सूत्रों ने बताया कि, इस बार अवर्षा की वजह से सोयाबीन का एवरेज उत्पादन जिले में चहुंओर प्रभावित हुआ है. कहीं-कहीं तो मात्र आधी फसल हाथ में आई है. फलस्वरुप राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कारणों से सोयाबीन के रेट चढे हुए हैं. अच्छे माल को 6400 रुपए तक प्रति क्विंटल दाम मिल रहे हैैं. स्थानीय मार्केट में 800-1000 बोरे की आवक रहने की जानकारी प्रमुख व्यापारी ने अमरावती मंडल को दी. उन्होंने बताया कि, तुअर और चना की भी आवक मंडी में जारी है. पिछले रबी सीजन का 500-700 बोरे चना मार्केट में आया है. उसे 6 हजार से लेकर 7400 रुपए प्रति क्विंटल तक दाम मिले हैं. अब चने की आवक कम होने की संभावना भी मंडी के व्यापारियों ने व्यक्त की.
* तुअर के रेट चढे हुए
नई तुअर को अभी समय है. ऐसे में तुअर के रेट बढ गए हैं. उंचे में 9700 रुपए प्रति क्विंटल तक रेट अमरावती मंडी में दिए जाने की जानकारी देते हुए व्यापारियों ने बताया कि, लगभग 1500 बोरे की आवक रोज हो रही हैं. जिसे 8600 से लेकर 9700 रुपए तक दाम मिल रहे हैं. व्यापारी दावा कर रहे है कि, माल कास्तकारों का ही है. वहीं काफी लोग कह रहे हैं कि, माल खरीदकर रखा गया था. रेट बढने की प्रतीक्षा की जा रही थी. बहरहाल व्यापारी मानते हैं कि, इस बार सोयाबीन का रकबा अच्छा-खासा रहने के बावजूद उत्पादन में 50-60 फीसद कम रहने की आशंका है. अलनीनो इफेक्ट के कारण बारिश ने दगा दे दिया है.





