चाकूबाजी कर युवक को घायल करनेवाले दो आरोपी गिरफ्तार
राणा कॉम्प्लेक्स के सामने मामूली विवाद के बाद मारा था चाकू

* वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर फ्रेजरपुरा पुलिस ने दोनों को दबोचा
अमरावती/दि.3 – स्थानीय फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राणा कॉम्प्लेक्स के सामने मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर घायल करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया. यह घटना 1 अक्तूबर की देर रात राणा कॉम्प्लेक्स स्थित बीयर शॉपी के सामने हुई थी.
पुलिस के अनुसार, मामूली कारण को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपियों ने एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया. शिकायत के आधार पर फ्रेजरपुरा थाने में अपराध क्रमांक 871/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और वारदात के कुछ ही घंटों में दोनों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल खान साहेब खान (26, फ्रेजरपुरा) तथा शेख विज्ञान उर्फ डॉन शेख नाजीम (24, फ्रेजरपुरा) के रूप में हुई है. दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके तथा सहायक पुलिस आयुक्त नयन अलुरकर के मार्गदर्शन और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रवींद्र राजुलवार के नेतृत्व में की गई. कार्रवाई में एपीआई निरंजना उमाले, डीबी प्रमुख पीएसआई राहुल महाजन, पीएसआई वैभव कालबांडे सहित फ्रेजरपुरा थाने के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया.





