तडके दो बजे दौडी नगराध्यक्ष अर्चना रोठे-अडसड
एसपी ने भी किया सलाम, कहा - अनेक के प्राण बचाए जा सके

* धामणगांव का तलनी हादसा
अमरावती /दि.3- धामणगांव की नगराध्यक्ष अर्चना रोठे-अडसड ने शुक्रवार तडके तत्परता और कर्तव्यशीलता का परिचय दिया. वे शुक्रवार तडके समृद्धि महामार्ग पर चैनल क्रमांक 97 तलनी के पास हुए ट्रक-बोलेरो पिकअप वाहन के हादसे में सहायता के लिए तत्परता से ऑन स्पॉट पहुंची थी. कहा जा रहा है कि, नगराध्यक्ष महोदया की सूझबूझ और तत्पर एक्शन से अनेक गंभीर घायलों के प्राणों की रक्षा हो सकी. स्वयं एसपी निकेतन कदम ने अर्चना रोठे की प्रशंसा की है. कदम ने कहा कि, दुखद हादसे में हिम्मत के साथ नगराध्यक्ष अर्चना रोठे पहुंचने से बहुत तेजी से घायलों को अस्पताल ले जाया जा सका. फलस्वरुप कई प्राण की रक्षा हो सकी.
इस बीच बताया गया कि, दुर्घटना में घायल 21 लोगों के उपचार शुरु है. कुछ को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. वहीं अनेक घायलों का अब भी इलाज चल रहा है. उधर अमरावती मंडल के प्रतिनिधि पवन शर्मा ने बताया कि, भीषण हादसा हो जाने का फोन मिलते ही नगराध्यक्षा मौके पर पहुंची. उन्होंने घायलों को अस्पताल ले जाने की तत्पर व्यवस्था कार्यकर्ताओं को बोलकर करवाई. वे केवल दुर्घटनास्थल नहीं तो ग्रामीण अस्पताल धामणगांव भी पहुंची. वहां मेडिकल अधिकारियों से तत्पर और उचित उपचार के काम का उन्होंने अवलोकन किया. डॉक्टर्स से बात भी की. गंभीर घायलों को उचित उपचार के बाद साधनयुक्त एंबुलेंस से सावंगी मेघे सेवाग्राम अस्पताल पहुंचाने का प्रबंध आपने किया.
इस भयंकर दुर्घटना ने वर्धा शहर को हिला रखा है. वहां के युवाओं सहित 7 लोगों की मृत्यु हादसे में हो गई. यह लोग दुर्गादेवी मंडल के कार्यकर्ता रहे, जो शेगांव से दुर्गा माता की मूर्ति लेकर बोलेरो पिकअप से जुडी ट्रॉली से वर्धा लौट रहे थे. ऐसे में नगराध्यक्ष अर्चना रोठे अडसड द्वारा दर्शायी गई तत्परता और ढाई घंटे तक मौके पर डटे रहकर राहत व बचाव कार्य करवाना सभी की नजरों में चढ गया है. प्रत्येक नगराध्यक्ष अर्चना रोठे की सराहना करता दिखाई दे रहा. इस कारज में बीजेपी के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने भी तत्परता दर्शायी.





