महाराष्ट्र में पैसे देकर मिल रही डिग्री?

पुणे विश्वविद्यालय मामले पर रोहित पवार का बड़ा आरोप

मुंबई ./दि.30- महाराष्ट्र की उच्च शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए एनसीपी (शरद पवार गुट) के नेता रोहित पवार ने पुणे विश्वविद्यालय में कथित तौर पर पैसे लेकर डिग्री प्रमाणपत्र जारी किए जाने के मामले में व्यापक जांच की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सीधे डिग्री खरीदी जा सकती है और इस पूरे मामले की तह तक जाने की जरूरत है. मामले में विश्वविद्यालय के कर्मचारी रमेश मुखेकर पर 70 हजार रुपये लेकर एक छात्र को डिग्री प्रमाणपत्र देने का आरोप है. इस मामले के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मुखेकर को निलंबित कर दिया है.
रोहित पवार ने कहा कि परीक्षा प्रणाली पहले से ही पेपर लीक जैसी घटनाओं से सवालों के घेरे में है. ऐसे में डिग्री बेचने जैसे आरोप शिक्षा व्यवस्था के लिए बेहद गंभीर हैं. उन्होंने राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की. पवार ने दावा किया कि विश्वविद्यालय के कुछ कर्मचारियों ने पहले ही कुलपति को पत्र लिखकर पैसे लेकर डिग्री दिए जाने की शिकायत की थी, लेकिन एक महीने तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने कहा कि मीडिया और राजनीतिक स्तर पर मामला उठने के बाद ही विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आया. उन्होंने मांग की कि आरोपी रमेश मुखेकर के मोबाइल फोन और व्हाट्सएप चैट की फॉरेंसिक जांच कराई जाए. साथ ही वर्ष 2015 से अब तक जारी सभी डिग्री प्रमाणपत्रों का ऑडिट कराया जाए ताकि यह पता लगाया जा सके कि कितने लोगों को कथित रूप से अवैध तरीके से डिग्री दी गई.

Back to top button