बडनेरा से पंढरपुर स्पेशल ट्रेनों को मिला जबरदस्त प्रतिसाद

4,500 से अधिक वारकरी पहुंचे विठ्ठल दर्शन के लिए

अमरावती /दि.31– आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर विठ्ठल-रुक्मिणी के दर्शन के लिए इस वर्ष अमरावती जिले से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंढरपुर पहुंचे. बडनेरा स्टेशन से संचालित नई अमरावती-पंढरपुर स्पेशल तथा नागपुर-मिरज ट्रेनों के माध्यम से करीब 4 हजार 500 वारकरी पंढरपुर की यात्रा पर रवाना हुए.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 21, 22, 24 और 25 जुलाई को संचालित ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ रही. अधिकांश ट्रेनों में आरक्षण पूरी तरह भर गया था, जबकि आरएसी और वेटिंग सूची भी लंबी रही. कई श्रद्धालुओं को भीड़ के कारण दरवाजों के पास बैठकर यात्रा करनी पड़ी. श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए मध्य रेलवे ने 26 जुलाई को पंढरपुर से नई अमरावती और बडनेरा के लिए विशेष वन-वे वापसी ट्रेन भी चलाई, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक वापसी का अवसर मिला. इस बार की यात्रा में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बुजुर्ग वारकरियों की संख्या विशेष रूप से अधिक रही. विभिन्न सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों ने रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं का स्वागत एवं विदाई कर उन्हें नाश्ता, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराईं. वारकरी परंपरा के अनुसार श्रद्धालुओं ने पंढरपुर पहुंचकर चंद्रभागा नदी में स्नान, श्री विठ्ठल मंदिर के शिखर दर्शन और अवसर मिलने पर विठ्ठल-रुक्मिणी के प्रत्यक्ष दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त किया. आषाढ़ी एकादशी के दौरान मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें होने के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह बना रहा. यात्रियों की अभूतपूर्व संख्या और स्पेशल ट्रेनों को मिले शानदार प्रतिसाद के बाद श्रद्धालुओं ने भविष्य में भी अमरावती-पंढरपुर के लिए नियमित विशेष ट्रेनों की मांग की है.

Back to top button