श्री साईबाबा विद्यालय साईनगर में प्रतिभा सम्मान समारोह

अमरावती/दि.31- श्री आयुर्वेद एवं शिक्षण विकास मंडल, अमरावती द्वारा संचालित श्री साईबाबा विद्यालय, साईनगर में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 की एसएससी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय समिति के अध्यक्ष जुगलकिशोर गट्टानी, सचिव राजेश हेडा, विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक किटुकले, पूर्व प्रधानाध्यापिकाएँ कुठे मैडम एवं शिरभाते मैडम, प्रधानाध्यापक राजेश टावरी, पर्यवेक्षक आशीष प्रसारकर, विद्यालय प्रबंधन समिति की उपाध्यक्ष रेणुका टवलारे, पूर्व शिक्षिकाएँ झंवर मैडम, पिल्ले मैडम तथा भगत सर के करकमलों से भगवान श्री साईबाबा की प्रतिमा के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ. इसके पश्चात सभी अतिथियों का पुष्परोप भेंट कर स्वागत किया गया. प्रधानाध्यापक राजेश टावरी ने अपने स्वागत भाषण में एसएससी परीक्षा के उत्कृष्ट परिणामों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की.
समारोह में विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली भार्गवी मालोकार, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली मनस्वी पवार तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली आरंभी ठाकरे को पुष्पगुच्छ, मेडल एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर उनके अभिभावकों का भी सम्मान किया गया. साथ ही विभिन्न विषयों में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा कक्षा सातवीं की छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को भी स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया. अपने संबोधन में उपस्थित अतिथियों ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं. समारोह में शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.