मूसलाधार बारिश का ऐसा भी साईड इफेक्ट
12 घंटे में 17 बार बजी फायर ब्रिगेड की घंटी

* लगातार घनघनाते रहे दमकल कार्यालय के फोन
* अलग-अलग क्षेत्रों से सहायता के लिए आती रही फोन कॉल्स
अमरावती/दि.31 – कल शाम करीब 7 बजे के आसपास से शुरू होकर रातभर चलती रही मूसलाधार बारिश की वजह से शहर के कई इलाकों में जलजमाववाली स्थिती बन गई तथा लगभग सभी रेलवे अंडरपास एवं व्यापारी संकुलों के बेसमेंट में पानी भर गया. इसके अलावा हवाओं की तेज रफ्तार के साथ होती बारिश की वजह से कई इलाकों में पेडों की टहनियां भी टूटकर गिर पडी. जिसके चलते अलग-अलग इलाकों से नागरिकों द्वारा मनपा के दमकल कार्यालय में सहायता हेतु फोन कॉल्स की जाती रही. ऐसे में दमकल कार्यालय में लगे टेलिफोन की घंटी लगातार घनघनाती रही और शाम से लेकर पूरी रात और आज सुबह से लेकर दोपहर तक दमकल कर्मी अपने दमकल वाहनों सहित अन्य सहायता साहित्य को लेकर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों की ओर दौड लगाते रहे.
इस संदर्भ में मनपा के अग्नीशमन विभाग तथा राहत व सहायता कक्ष की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, कल शाम बारिश का दौर शुरू होते ही शाम 6 बजे से दमकल कार्यालय को सहायता हेतु फोन कॉल्स आनी शुरू हो गई थी. जिसके तहत महात्मा फुले मार्केट, अकोली अंडरपास, जवाहरगेट, कृष्णार्पण कॉलनी, इर्विन चौक, वृंदावन कॉलनी, व्यंकटेशपुरा, वेंकैयापुरा, सांस्कृतिक भवन परिसर जैसे अलग-अलग क्षेत्रों से जलभराव होने, पेड की टहनियां टूटकर गिरने जैसी वजहों को लेकर एक के बाद एक कई फोन कॉल्स आयी. साथ ही साथ 30 जुलाई को तडके साईनगर के दंडे प्लॉट स्थित मातोश्री बिल्डींग में आग लगने की भी सूचना मिली. ऐसे में सभी फोन कॉल्स को त्वरीत प्रतिसाद देते हुए दमकल कर्मियों के दल एक स्थान से दूसरे स्थान पहुंचते रहे तथा कल शाम से लेकर आज दोपहर तक शहर में हर तरफ मनपा के दमकल विभाग द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाता रहा.





