कंजहरा पुल से बहकर लापता युवक शेख शोएब का शव बरामद

रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद शुक्रवार सुबह मिला शव

* हैदरपुरा का है युवक, नांदगांव पुलिस कर रही मामले की जांच
अमरावती/नांदगांव /दि.31- अमरावती के हैदरपुरा निवासी शेख शोएब का शव शुक्रवार सुबह बरामद होने से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई. गुरुवार रात कंजहरा पुल से गिरकर तेज बहाव में बह जाने के बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों द्वारा रातभर उसकी तलाश की गई. लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद शुक्रवार सुबह मांजरखेड़ और सातरगांव के बीच गोधड़ी गांव के समीप नदी में उसका शव मिला.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों ने रातभर खोज अभियान चलाया. हालांकि अंधेरा और नदी के तेज बहाव के कारण तलाश में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. शुक्रवार सुबह दोबारा शुरू किए गए अभियान में शव बरामद हुआ. शव मिलने की खबर जैसे ही अमरावती पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया. परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
* पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले की जांच नांदगांव पुलिस कर रही है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि युवक किस परिस्थिति में पुल से गिरा. फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
* एमआईएम नेताओं ने परिजनों से की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलने पर एमआईएम के गट नेता अब्दुल हमीद, जोन सभापति इस्माइल लालवाले तथा नेता वहीद खान मौके पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ि परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर मामले की निष्पक्ष जांच तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की.
* इलाके में शोक का माहौल
शेख शोएब की असमय मौत से हैदरपुरा क्षेत्र में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए बरसात के मौसम में पुलों और नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनती नदियों और पुलों पर अनावश्यक जोखिम न उठाएं.

Back to top button