दिन दहाडे सराफा दुकान में बंदूक की नोंक पर डकैती

70 लाख रुपए के आभूषण लूटकर लुटेरे फरार

* दर्यापुर में सशस्त्र नकाबपोश लूटेरों का आतंक
* सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने शुरु की लुटेरों की तलाश
* दर्यापुर शहर में दहशत का वातावरण
* विभिन्न जिलों में भेजे गए 8 जांच दल
अमरावती/दि.1 – अमरावती जिले के दर्यापुर शहर में शुक्रवार की शाम 8 बजे के दौरान चहल पहल शुरु रहते एक सराफा दुकान पर सशस्त्र नकाबपोश लूटेरों ने बंदूक की नोंक पर डाका डालकर सोने-चांदी के आभूषण समेत कुल 70 लाख रुपए का माल लूट लिया और कार से फरार हो गये. 5 मिनट के भीतर घटित इस सनसनीखेज घटना से दर्यापुर शहर में हडकंप मच गया है. संपूर्ण घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है. घटना की जानकारी मिलते ही दर्यापुर पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पहुंचकर जायजा लिया. साथ ही आला अफसर समेत ग्रामीण अपराध शाखा के दल ने भी घटनास्थल पहुंचकर सीसीटीवी फूटेज के आधार पर लूटेरों की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी है. दुकान संचालक के मुताबिक लूटेरे उनकी दुकान से आधा किलो सोना और 13 किलो चांदी लूटकर ले गये.
जानकारी के मुताबिक दर्यापुर शहर के नगर परिषद के पास शिक्षक कालोनी परिसर में माहोरे ज्वेलर्स नामक सराफा दुकान है. इस दुकान के संचालक गजानन माहोरे है. गजानन माहोरे का घर और घर के दर्शनी भाग में यह दुकान है. शुक्रवार 31 जुलाई की रात 8 बजे के दौरान माहोरे ज्वेलर्स में गजानन मोहोरे का बेटा गोविंद मोहोरे अकेला ही था. उसी समय चेहरे पर दुपट्टे बांधकर 4 लूटेरे कार से दुकान के सामने पहुंचे औरर गोविंद माहोरे कुछ समझ पाता उसके पहले ही डकैत दुकान में घूसे और उन्होंने शटर बंद कर दिया. गोविंद ने चीखपुकार करने का प्रयास किया, लेकिन एक लूटेरे ने रिवाल्वर और दूसरे ने चाकू का भय दिखाकर गोविंद को चूपचाप बैठने कहा और हाथ पकडकर उसे दुकान के एक कोने में बैठा दिया. दो अन्य लोगों ने पांच मिनट में दुकान का पूरा सोना और चांदी के आभूषण समेट लिये और पांच मिनट के भीतर चारपहिया वाहन में सवार होकर भाग गये. यह संपूर्ण घटनाक्रम दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है. लूटेरों ने गोविंद का मोबाइल भी अपने कब्जे में ले लिया था. इस कारण गोविंद कुछ कर नहीं पाये. डकैतों के भागते ही गोविंद ने चीखपुकार शुरु की. आसपास के दुकानदारों को भी पांच मिनट के भीतर यह घटना घटित होने से कुछ पता नहीं चला. लेकिन डकैतों के भागने के बाद गोविंद के चीखपुकार करने पर घटना प्रकाश में आयी. इस डकैती की जानकारी हवा की तरह संपूर्ण दर्यापुर शहर में फैलते ही घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही दर्यापुर पुलिस का दल तत्काल घटनास्थल आ पहुंचा. कुछ ही समय में वरिष्ठ अधिकारी और ग्रामीण अपराध शाखा का दल भी घटनास्थल पर पहुंच गया. पुलिस ने पूरा जायजा कर सीसीटीवी फूटेज अपने कब्जे में लिये. इस फूटेज के आधार पर नकाबपोश डकैतों की तलाश शुरु कर दी गई है.
* 8 दल गठित, विभिन्न जिलों में रवाना
इस सनसनीखेज डकैती कांड के आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस ने 7 से 8 दल गठित किये है और विभिन्न जिलों में रवाना किये गये है. पुलिस ने गोविंद माहोरे से घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली है. डकैत घटना को अंजाम देते समय डराते-धमकाते हुए कौनसी भाषा में बात कर रहे थे. साथ ही वे एक-दूसरे से कुछ बातचीत कर रहे थे क्या, इस बाबत भी जानकारी लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है.
* व्यापारियों में दहशत
दर्यापुर में माहोरे ज्वेलर्स में हुई इस डकैती के कारण व्यापारियों में दहशत का वातावरण निर्माण हो गया है. शहर के सराफा व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था बाबत चिंता व्यक्त की है. आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की गई है. लूटे गये माल की कीमत की विस्तृत जानकारी पुलिस ले रही है. लेकिन पुलिस ने 65 से 70 लाख रुपए का माल लूटे जाने की जानकारी दी है.
* दुपहिया से किया पीछा
नकाबपोश लूटेरों ने डाका डालने के बाद कार से पलायन किया. डकैत भाग रहे थे तब गोविंद माहोरे ने चीखपुकार करते हुए दुपहिया वाहन से उनका पीछा किया. लेकिन चारपहिया वाहन की रफ्तार अधिक रहने से वे भागने में सफल हो गये.
* इसके पूर्व भी डकैती की अनेक घटनाएं
इसके पूर्व भी दर्यापुर शहर में इस तरह की घटनाएं घटित हुई है. शुक्रवार को घटित घटना से इसमें इजाफा हुआ है. इस कारण सराफा व्यापारियों में दहशत का वातावरण है. लेकिन बंदूक की नोंक पर डकैती की यह पहली बडी वारदात मानी जा रही है. पुलिस का कहना है कि, सीसीटीवी फूटेज और अन्य तकनीकी साक्षों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. जल्द ही उन्हें पकड लिया जाएगा, ऐसा दावा किया गया है.

Back to top button