खीरपानी झरने में डूबे 16 वर्षीय युवक का शव मिला

दोस्तों के साथ घूमने गया था

अंजनगांव सुर्जी /दि.4 – अंजनगांव तहसील के दहीगांव के समीप स्थित प्रसिद्ध खीरपानी झरने में डूबे 16 वर्षीय किशोर का शव शुक्रवार सुबह बरामद कर लिया गया. गुरुवार शाम नहाने के दौरान वह गहरे पानी में डूब गया था. रातभर चले तलाशी अभियान के बाद उसका शव झरने के नीचे बहने वाली नदी में मिला. मृतक की पहचान आदित्य कमलेश ओलंबे (16), निवासी मतंगपुरा के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक आदित्य अपने दोस्तों के साथ खीरपानी झरना घूमने गया था. शाम करीब 4 बजे वह नहाने के लिए पानी में उतरा, लेकिन कुछ ही देर में गहरे पानी में चला गया और डूब गया. घटना के बाद उसके साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर स्थानीय लोगों और प्रशासन को सूचना दी. सूचना मिलते ही राजस्व, पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे. एनडीआरएफ की टीम ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया, लेकिन रात का अंधेरा, लगातार बारिश और तेज जलप्रवाह के कारण अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. शुक्रवार सुबह दोबारा शुरू किए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान आदित्य का शव झरने के नीचे नदी में बरामद हुआ. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. खीरपानी झरना अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ गहरी खाई, तेज जलधारा और फिसलन भरी चट्टानों के कारण बेहद खतरनाक माना जाता है. पिछले कुछ वर्षों में यहां डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं. प्रशासन द्वारा चेतावनी बोर्ड लगाए जाने और लगातार जनजागरण अभियान चलाए जाने के बावजूद पर्यटक जोखिम उठाकर पानी में उतर रहे हैं, जिससे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं.

Back to top button