जुलाई माह में 17,545 चालान, 87.55 लाख का जुर्माना

अमरावती ग्रामीण पुलिस का सख्त अभियान

अमरावती /दि.4 – अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुलाई माह में व्यापक अभियान चलाया गया. अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग को बढ़ावा देना तथा अवैध यात्री परिवहन पर रोक लगाना है.
1 जुलाई से 31 जुलाई के दौरान जिला यातायात शाखा, अचलपुर यातायात शाखा तथा अमरावती ग्रामीण के 31 पुलिस थानों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोटर वाहन अधिनियम के तहत 17,545 प्रकरण दर्ज किए. इस दौरान 87.55 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, जिसमें से 18.10 लाख रुपये की वसूली की गई. यह अभियान पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोतेवाड़ के मार्गदर्शन में जिला यातायात शाखा, अचलपुर यातायात शाखा तथा जिले के 31 पुलिस थानों द्वारा चलाया गया. पुलिस ने दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए जिले में 27 स्थानों पर विशेष जांच नाके (रोड ब्लॉक) भी लगाए हैं.
* प्रमुख कार्रवाई
हेलमेट नहीं पहनने पर 4,811 कार्रवाई, सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 433 कार्रवाई, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने पर 29 कार्रवाई, मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाने पर 27 कार्रवाई, फैंसी नंबर प्लेट पर 458 कार्रवाई, रॉन्ग साइड वाहन चलाने पर 677 कार्रवाई, ट्रिपल सीट पर 393 कार्रवाई, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 472 कार्रवाई, क्षमता से अधिक यात्रियों को ढोने पर 7,497 कार्रवाई, शराब पीकर वाहन चलाने पर 200 कार्रवाई और अवैध यात्री परिवहन करने वाले वाहनों पर 37 कार्रवाई कर न्यायालय में प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया.
* पुलिस की नागरिकों से अपील
– दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाला दोनों हेलमेट पहनें.
– शराब पीकर वाहन न चलाएं.
तेज गति और लापरवाही से वाहन न चलाएं.
– ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा सहित सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें.
– वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें.
– रॉन्ग साइड से वाहन न चलाएं.
– नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा न करें.
– मालवाहक वाहनों में यात्रियों को न बैठाएं.
– यात्री वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं.
– चारपहिया वाहन में चालक सहित सभी यात्री सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें.

Back to top button