ऑपरेशन कवच के तहत चांदूरबाजार पुलिस का विद्यार्थियों से संवाद
नशे और सोशल मीडिया पर किया जागरूक

चांदूर बाजार /दि.5 – युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन और सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव को देखते हुए चांदूरबाजार पुलिस ने ऑपरेशन कवच के तहत विद्यार्थियों से संवाद अभियान जारी रखा है. इसी क्रम में नगर परिषद मराठी विद्यालय एवं कनिष्ठ महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.
कार्यक्रम में थाना प्रभारी आधार सिंह सोनोने ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य और भविष्य दोनों के लिए घातक है. उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर शिक्षा के माध्यम से समाज के लिए उपयोगी बनने का आह्वान किया. थाना प्रभारी ने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग केवल मनोरंजन या दबंगई दिखाने वाली रील्स देखने के बजाय शिक्षा, ज्ञान और सकारात्मक गतिविधियों के लिए किया जाना चाहिए. उन्होंने बताया कि कई युवा सोशल मीडिया से प्रभावित होकर अपराध और नशे की ओर आकर्षित हो जाते हैं, जबकि ऐसी दिखावटी दुनिया का वास्तविक जीवन से कोई संबंध नहीं होता. उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि किसी भी छात्र-छात्रा को किसी प्रकार की समस्या हो तो वे बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें. पुलिस उनकी हर संभव मदद करेगी.
थाना प्रभारी सोनोने ने बताया कि भविष्य में भी शहर के विभिन्न स्कूलों और महाविद्यालयों में ऐसे संवाद कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को कानून, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जाएगा. इस अवसर पर प्रशासन अधिकारी वसीम अहमद, मुख्याध्यापिका शेखर मैडम, पुलिसकर्मी सुहास पोटे, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन धर्मेंद्र कथलकर ने किया.





