पीएम् मित्रा मेगा टेक्सटाइल पार्क में तीन कंपनियों को रियायती दर पर मिलेगी जमीन

185 एकड़ आवंटन को मंजूरी, निवेश बढ़ाने के लिए डिस्काउंट योजना की अवधि बढ़ने के संकेत

अमरावती/दि.5 – नांदगांव पेठ स्थित पीएम् मित्रा मेगा टेक्सटाइल पार्क में औद्योगिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं. महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल ने पार्क में निवेश के लिए आगे आई तीन कंपनियों को कुल 185 एकड़ भूमि आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. वहीं, उद्यमियों को आकर्षित करने के लिए रियायती दर पर भूमि उपलब्ध कराने की योजना की अवधि बढ़ाए जाने की भी चर्चा है.
पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क के लिए एमआईडीसी के पास कुल 1,027 एकड़ भूमि उपलब्ध है. राज्य सरकार ने जून 2025 से 30 जून 2026 तक पार्क में उद्योग स्थापित करने वाली इकाइयों को 590 रुपये प्रति वर्गमीटर की रियायती दर से जमीन देने की विशेष योजना लागू की थी. हालांकि, इस अवधि में केवल तीन कंपनियों ने ही भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी की.

* 21 किलोमीटर सड़क सहित आधुनिक सुविधाएं तैयार
पार्क में उद्योगों की स्थापना के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा लगभग तैयार हो चुका है. यहां करीब 21 किलोमीटर आंतरिक सड़कें, आधुनिक स्ट्रीट लाइट, भूमिगत जल निकासी व्यवस्था तथा 24 घंटे जलापूर्ति जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं.

* बुनियादी ढांचे पर करोड़ों रुपये का निवेश
मेगा टेक्सटाइल पार्क के लिए 410 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया, जिस पर सरकार ने लगभग 188.90 करोड़ रुपये खर्च किए हैं. इसके अलावा सड़क, स्ट्रीट लाइट, सीवेज नेटवर्क और जलापूर्ति जैसी आधारभूत सुविधाओं के विकास पर करीब 111.76 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं.

* योजना की अवधि बढ़ने की उम्मीद
रियायती दर पर भूमि उपलब्ध कराने की योजना की समय-सीमा समाप्त हो चुकी है. उद्योग जगत में चर्चा है कि अधिक से अधिक निवेश आकर्षित करने के लिए सरकार इस योजना की अवधि बढ़ा सकती है. इससे नए उद्यमियों को झच् मित्र पार्क में उद्योग स्थापित करने के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है. एमआईडीसी के क्षेत्रीय अधिकारी राम लंके ने बताया कि तीन कंपनियों को 185 एकड़ भूमि आवंटित करने का प्रस्ताव मंजूर हो चुका है, जबकि अन्य दो कंपनियों के साथ भी भूमि आवंटन की प्रक्रिया सकारात्मक रूप से आगे बढ़ रही है.

 

Back to top button