नवसारी-वलगांव रोड का नाम स्वर्गीय प्रो. बी. टी. देशमुख के नाम पर रखने की मांग
वैभव बागणे ने उठाई आवाज़

अमरावती/दि.6– अमरावती शहर के महत्वपूर्ण नवसारी-वलगांव रोड का नाम स्व. प्रा. बी. टी. देशमुख के नाम पर रखने की मांग जोर पकड़ रही है. सामाजिक कार्यकर्ता वैभव बागणे ने अमरावती नगर निगम और महाराष्ट्र सरकार से इस मार्ग का नाम बदलकर स्वर्गीय प्रा. बी. टी. देशमुख मार्ग रखने की मांग की है.
वैभव बागणे का कहना है कि स्व. प्रा. बी. टी. देशमुख पूर्व विधायक होने के साथ-साथ विदर्भ के विकास, सिंचाई बैकलॉग, किसानों के अधिकारों और शिक्षा के क्षेत्र में आजीवन संघर्ष करने वाले जननेता थे. उन्होंने विदर्भ के हक और क्षेत्रीय विकास के मुद्दों को लगातार मजबूती से उठाया तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लिए उल्लेखनीय कार्य किए. उन्होंने कहा कि शिक्षा, कृषि और सिंचाई जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर स्व. प्रा. देशमुख के योगदान को आज भी लोग सम्मानपूर्वक याद करते हैं. ऐसे जननेता के सम्मान में एक प्रमुख सड़क का नाम उनके नाम पर रखा जाना उनके कार्यों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
वैभव बागणे ने अमरावती मनपा और राज्य सरकार से जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए नवसारी-वलगांव रोड का नाम बदलकर स्व. प्रा. बी. टी. देशमुख मार्ग घोषित करने की मांग की है. उन्होंने कहा, नेता भले ही इस दुनिया से चले जाते हैं, लेकिन उनके विचार और समाजहित में किए गए कार्य हमेशा जीवित रहते हैं. ऐसे व्यक्तित्व का सम्मान करना समाज का सच्चा आभार है.