टिप्पर और ट्रक के बीच हुई भिडंत में दो मजदूर और ट्रक चालक की मौत

तीन घायल, नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र के रिलायंस पेट्रोप पंप के सामने की घटना

अमरावती/दि.5 – नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र में आने वाले सावर्डी ग्राम के पास स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास टिप्पर और ट्रक के बीच हुई भिडंत में महामार्ग पर गड्ढे बुझाने का काम कर रहे दो मजदूरों और ट्रक चालक की मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गये. मृतक मजदूरों के नाम वर्धा जिले के आष्टी तहसील में आने वाले चिस्तुर ग्राम निवासी मुकूंदराव श्रीराव गणोरकर (55), देविदास पाटिल (53) और ट्रक चालक उत्तर प्रदेश राज्य के भदोही ग्राम भदोही निवासी शिवचंद श्रीराम पाल (38) है. यह दुर्घटना बुधवार 5 अगस्त की शाम 4.30 बजे के दौरान घटित हुई.
जानकारी के मुताबिक एनएल-01/क्यू-4320 क्रमांक का ट्रक रायपुर से अमरावती की तरफ आ रहा था. तब सावर्डी ग्राम के पास रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने आईआरबी के टिप्पर क्रमांक एमएच-27/बीएक्स-7192 के साथ जोरदार टक्कर हो गई. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि, आईआरबी का टिप्पर द्विभाजक पर चढकर विपरित दिशा से सडक पर आ गया. हादसे के समय महामार्ग पर गड्ढे बुझाने का काम कर रहे मजदूर चपेट में आ गये. इस हादसे में दो मजदूर और ट्रक चालक की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल की तरफ नागरिक दौड पडे. ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया गया. समाचार लिखे जाने तक बचावकार्य शुरु था. दुर्घटना की जानकारी मिलते ही नांदगांव पेठ पुलिस का दल घटनास्थल आ पहुंचा. घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया. पंचनामा कर मृतकों के शव जिला अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया शुरु थी. मृतक मजदूरों के नाम वर्धा जिले के चिस्तुर निवासी मुकूंदराव गणोरकर, देविदास पाटिल और ट्रक चालक शिवचंद पाल है. जबकि घायल मजदूरों के नाम चिस्तुर निवासी भूषण पांडूरंग वाढोणकर (35), मोझरी निवासी दिलीप मरापे और अशोक उके है. मामले की जांच पुलिस आगे कर रही है.

Back to top button