भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री शिवप्रकाश कल शहर में

संभाग के चुनिंदा पदाधिकारियों के साथ करेंगे बैठक

* जनप्रतिनिधियों को बैठक का कोई आमंत्रण नहीं
* संगठनात्मक मजबूती व पार्टी के कामों पर होगी चर्चा
अमरावती/दि.5 – भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री शिवप्रकाश कल अमरावती के संक्षिप्त दौरे पर आ रहे है. जिनकी संभाग के कुछ बेहद चुनिंदा पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कल सुबह अमरावती में आयोजित होने जा रही हैं. खास बात यह है कि इस बैठक का आमंत्रण किसी भी जनप्रतिनिधि को नहीं दिया गया है. बल्कि संभाग के प्रदेश पदाधिकारियों सहित जिला प्रभारियों, जिलाध्यक्षों व जिला महामंत्रियों को ही इस बैठक में आमंत्रित किया गया है. खास बात यह भी है कि इस बैठक से भाजपा महिला मोर्चा व भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों को भी दूर रखा गया है. जिसके चलते अंदाजा लगाया जा रहा है कि कल होनेवाली बैठक काफी उच्चस्तरीय साबित हो सकती है. जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री शिवप्रकाश द्बारा पार्टी पदाधिकारियों के साथ बेहद महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जानेवाली है.
बेहद विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक हाल ही में देश की राजधानी नई दिल्ली के जंतर मंतर सहित राज्य में मुंबई से अन्य कई जिलों में जेन-जी यानी युवा द्बारा किए गये सरकार विरोधी आंदोलन तथा राज्य सरकार द्बारा किसान आत्महत्या के मद्देनजर घोषित की गई किसान कर्जमाफी के बाद बदले हुए हालात के मद्देनजर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री शिवप्रकाश का अमरावती आगमन होने जा रहा है. जो पार्टी के स्थानीय चुनिंदा पदाधिकारियों के साथ बैठक करते हुए स्थिति की समीक्षा करेंगे. उसके साथ ही इस बैठक में पार्टी संगठन एवं जनप्रतिनिधियों के बीच रहनेवाले विसंवाद व मतभेद को लेकर भी चर्चा करते हुए आपसी समन्वय का रास्ता निकालने पर विचार विमर्श किया जायेगा. साथ ही साथ इस बैठक में पन्ना प्रमुख, बूथ प्रमुख व मंडल प्रमुख स्तर पर चल रहे पार्टी के कामकाज का भी जायजा लिया जायेगा.
विशेष उल्लेखनीय यह भी है कि भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों द्बारा इस बैठक को लेकर जबर्दस्त गुप्तता
बरती जा रही है. विशेष रूप से गोपनीयता इस बात को लेकर बरती जा रही है कि संभाग के लगभग 125 से 150 प्रमुख पदाधिकारियों में से किन-किन चुनिंदा 50 से 70 पदाधिकारियों को इस बैठक में शामिल होने हेतु कहा गया है. साथ ही प्रदेश एवं जिला कार्यकारिणी का हिस्सा रहनेवाले किस जन प्रतिनिधि को इस हाइलेवल मीटिंग में शामिल होने का मौका मिलता है. जिसके चलते खुद भाजपा के पदाधिकारियों में ही कल होने जा रही संभागस्तरीय बैठक को लेकर जबर्दस्त उत्सुकता वाला माहौल है.

Back to top button