1,200 किमी दूर राजस्थान में राजापेठ पुलिस की दबिश
एमडी तस्करी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

अमरावती/दि.6– अमरावती की राजापेठ पुलिस ने एमडी (मेफेड्रोन) तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए राजस्थान के जालोर जिले से मुख्य सप्लायर रामनिवास जगदीशकुमार बिश्नोई (21) को गिरफ्तार किया है. करीब 1,200 किलोमीटर का सफर तय कर पुलिस टीम ने भेष बदलकर कार्रवाई की और आरोपी को राजस्थान के भीनमाल थाना क्षेत्र से दबोच लिया. आरोपी को बुधवार को अमरावती लाया जा रहा है. यह कार्रवाई 1 अगस्त को राजापेठ पुलिस द्वारा साहिल मेहरा की गिरफ्तारी के बाद सामने आई. पुलिस ने साहिल के कब्जे से 277 ग्राम एमडी ड्रग्स, एक कार सहित करीब 51 लाख रुपये का माल जब्त किया था. पूछताछ में साहिल ने खुलासा किया कि उसने 350 ग्राम एमडी राजस्थान निवासी रामनिवास बिश्नोई से खरीदी थी.
* 500 ग्राम एमडी की डिलीवरी के बहाने बिछाया जाल
पूछताछ में यह भी सामने आया कि साहिल ने रामनिवास को 500 ग्राम एमडी का नया ऑर्डर दिया था और 4 अगस्त को डिलीवरी तय हुई थी. इसी सूचना के आधार पर राजापेठ थाना प्रभारी संदीप चव्हाण के निर्देशन में एपीआई नितिन शिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम राजस्थान रवाना हुई. पुलिस ने योजना के तहत जाल बिछाया और जालोर जिले के भीनमाल थाना क्षेत्र स्थित एक होटल से रामनिवास को गिरफ्तार कर लिया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रामनिवास राजस्थान के कोटड़ा निवासी सुनील जांगू नामक व्यक्ति से एमडी लेकर उसकी सप्लाई करता था. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और कथित फैक्ट्री से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है.
* बैंक ट्रांजैक्शन और ग्राहकों की जांच शुरू
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि साहिल मेहरा नशीले पदार्थों की बिक्री से मिली रकम अपने साथी तेजस अनिल कालबांडे के बैंक खाते में ट्रांसफर करता था. इस मामले में पुलिस ने रामनिवास, तेजस, बंटी आसरे, पराग (जेवडनगर निवासी) सहित छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. साहिल और तेजस के मोबाइल फोन की जांच में 10 से 20 ग्राहकों के नाम, चैट और बैंक लेनदेन की जानकारी सामने आई है. पुलिस अब इन ग्राहकों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है. राजापेठ पुलिस के अनुसार, साहिल मेहरा की पुलिस हिरासत 7 अगस्त को समाप्त हो रही है. जांच पूरी करने के लिए अदालत से उसकी पुलिस रिमांड बढ़ाने की मांग की जाएगी. मामले में आगे की जांच जारी है.