5 मवेशी तस्कर धरे गये, 42 मवेशी व 230 किलो गोमांस जब्त
शिरजगांव पुलिस की करजगांव में कार्रवाई

अमरावती/दि.6 – अमरावती ग्रामीण पुलिस ने मवेशी तस्करी और अवैध गोवंश वध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चांदूर बाजार तहसील के करजगांव में छापेमारी कर पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. कार्रवाई के दौरान 42 मवेशी, 230 किलोग्राम गोमांस तथा अन्य सामग्री सहित कुल 9.25 लाख रुपये का माल जब्त किया गया. दो आरोपी फरार हैं, जबकि तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है. अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देशानुसार अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 4 अगस्त की सुबह शिरजगांव कस्बा पुलिस ने करजगांव के कुरैशी मोहल्ला क्षेत्र में छापेमारी की.
जानकारी के मुताबिक शेख फिरोज अब्दुल अजीज और शेख दानिश शेख मुश्ताक के घरों से क्रमशः 22 और 6 मवेशी, गोमांस तथा वध में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई. दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है. इसके अलावा साहिल शेख आजाद (30), शेख सहादु शेख वहाब (50) तथा शेख जुनैद शेख जमील (25) के घरों पर भी छापेमारी कर मवेशी, गोमांस और वध के उपकरण जब्त किए गए. तीनों के खिलाफ शिरजगांव कस्बा पुलिस थाने में अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं.
* 42 मवेशी गौशाला भेजे गए
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बरामद 42 मवेशियों को सुरक्षा एवं देखभाल के लिए पशुपति गौशाला चैरिटेबल ट्रस्ट, करजगांव के सुपुर्द कर दिया. वहीं, जब्त 230 किलोग्राम गोमांस का पंचनामा कर नियमानुसार नष्ट किया गया.
* कई धाराओं में दर्ज हुआ मामला
सभी आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम, 1995 (संशोधित 2015) तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं. पुलिस के अनुसार, बरामद किसी भी मवेशी के कान में पहचान संबंधी टैग नहीं मिला, जिससे प्राथमिक जांच में इनके वध के उद्देश्य से रखे जाने की आशंका जताई गई है. यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, उपविभागीय पुलिस अधिकारी माधवराव गरुड़ तथा पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे के मार्गदर्शन में शिरजगांव कस्बा पुलिस की टीम ने अंजाम दी. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है.





