‘रोशनी’ पर पडा एफडीए का छापा, दोनों प्रतिष्ठानोें के लायसेंस निलंबित

होटल व रिफ्रेशमेंट के किचन में पाया गया गंदगी का आलम

* खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी के चलते कार्रवाई
अमरावती/दि.6 – स्थानीय पंचवटी चौक से आगे नागपुर रोड पर स्थित होटल रोशनी तथा रोशनी रिफ्रेशमेंट नामक दो प्रतिष्ठानों पर आज सुबह एफडीए द्वारा छापा मारा गया. इस समय की गई पडताल में दोनों प्रतिष्ठानों के किचन में गंदगी का आलम पाया गया. जिसके चलते खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन होने की बात को ध्यान में रखते हुए एफडीए द्वारा दोनों प्रतिष्ठानों के लायसेंस निलंबित कर दिए गए है. जिसकी वजह से हमेशा ही ग्राहकों की भीडभाड से आबाद रहनेवाले रोशनी होटल व रोशनी रिफ्रेशमेंट को एफडीए की कार्रवाई खत्म होते-होते बंद करवा दिया गया.
बता दे कि, विगत अनेक वर्षों से पंचवटी चौक स्थित रोशनी रिफ्रेशमेंट अपने नाश्ते और ‘मठ्ठे’ यानी छाछ के लिए पूरे शहरभर में अच्छा-खासा प्रसिध्द है. नाश्ते की दुकान के साथ शुरू हुआ ठाकरे परिवार का यह व्यवसाय आगे चलकर होटल रोशनी तक पहुंचा. जहां पर साऊथ इंडियन डिशेस व भोजन की भी व्यवस्था है. इन दोनों प्रतिष्ठानों की आज सुबह एफडीए के अधिकारियों द्वारा औचक जांच-पडताल की गई. इस समय किए गए निरीक्षण में एफडीए के अधिकारियों ने दोनों प्रतिष्ठानों के किचन में कुछ हद तक गंदगी पायी. साथ ही दोनों प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई व रंगरोगन को लेकर भी काफी हद तक खामियां पायी गई. जिसके चलते एफडीए के अधिकारियों ने रोशनी होटल व रोशन रिफ्रेशमेंट के संचालक अनिल ठाकरे के नाम नोटीस जारी करते हुए सभी त्रृटियों को तुरंत दुरूस्त करने हेतु कहा और त्रृटियां दुरूस्त किए जाने तक दोनों प्रतिष्ठानों के लायसेंस को निलंबित भी कर लिया. जिसके चलते इस कार्रवाई के बाद दोनों प्रतिष्ठान बंद कर दिए गए.
* हम सभी त्रृटियों को जल्द करेंगे दुरूस्त
दैनिक अमरावती मंडल द्वारा इस संदर्भ में होटल रोशनी व रोशनी रिफ्रेशमेंट के संचालक अनिल ठाकरे से संपर्क किए जाने पर उन्होंने बताया कि, एफडीए के अधिकारियों ने उनके दोनों प्रतिष्ठानों में कुछ खामियां रहने की बात कहते हुए नोटीस जारी की और उन खामियों को दूर करने तक दोनों प्रतिष्ठान बंद रखने हेतु कहा है. ऐसे में अब वे अपने दोनों प्रतिष्ठानों की साफसफाई कराते हुए रंगाई-पुताई करने का काम कर रहे है. काम पूरा होने के बाद वे इसकी जानकारी एफडीए को देंगे और एफडीए से अनुमती मिलते ही अपने दोनों प्रतिष्ठान दोबारा खोलेंगे

Back to top button