डॉ. खुशी मूंधडा का निधन

कांग्रेस नेता मूंधडा की सुपौत्री

* सांगली में कर रही थी पीजी की पढाई
अमरावती /दि.6- कांग्रेस के निष्ठावान पदाधिकारी पुरुषोत्तम मूंधडा की सुपौत्री डॉ. खुशी पवन मूंधडा (24) का गत रात सांगली जिले में सडक हादसे में निधन हो गया. उनके निधन के समाचार मिलते ही अमरावती में परिचितों में शोक की लहर व्याप्त हो गई. डॉ. खुशी के पिता पवन मूंधडा नागपुर में विंडो फैक्टरी के संचालक है. खुशी अपने पीछे दादा-दादी, माता-पिता, चाचा-चाची, सचिन मूंधडा तथा छोटा भाई सहित परिवार छोड गई है.
डॉ. खुशी ने एमबीबीएस की पढाई पूर्ण कर ली थी. वे सांगली के अस्पताल में शासकीय अनुबंध अनुसार सेवाएं दे रही थी और मास्टर्स डिग्री की पढाई कर रही थी. पारिवारिक सूत्रों ने अमरावती मंडल को बताया कि, 18-20 घंटे की ड्यूटी होती है. ऐसे में कल देर रात वे भोजन के लिए अस्पताल से बाहर निकली तब तेज रफ्तार कार ने डॉ. खुशी मूंधडा को कुचल दिया. पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि, खुशी के पार्थिव को अमरावती लाया जा रहा है. इस हादसे से अमरावती में जहां शोक व्याप्त हो गया है, वहीं पीजी के विद्यार्थियों को दी जा रही भयंकर ड्यूटी पुन: चर्चा में आ गई है. वर्षों से इस बारे में डिमांड उठ रही है कि, पीजी की पढाई करते समय विद्यार्थियों काम के घंटे कम किए जाने चाहिए.

Back to top button