गो. सी. टोम्पे महाविद्यालय में ‘करियर कट्टा इंडक्शन एंड अवेयरनेस वीक’ उत्साह के साथ संपन्न

चांदूर बाजार/दि.7 – महाराष्ट्र शासन के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा महाराष्ट्र इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी सपोर्ट सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘करियर कट्टा’ पहल के अंतर्गत गो. सी. टोम्पे कला, वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय, चांदूर बाजार में ‘करियर कट्टा इंडक्शन एंड अवेयरनेस वीक 2026-27’ का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया.
कार्यक्रम में अमरावती विभाग के सह-समन्वयक डॉ. उमेश कनेरकर ने करियर कट्टा की संकल्पना, उद्देश्य तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध विभिन्न अवसरों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने छात्रों से करियर नियोजन, व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता, उद्यमिता, डिजिटल स्किल्स तथा रोजगारोन्मुखी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया. उन्होंने बताया कि करियर कट्टा के माध्यम से करियर मार्गदर्शन एवं काउंसलिंग, प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन, स्टार्टअप एवं उद्यमिता प्रशिक्षण, कैंपस प्लेसमेंट, अप्रेंटिसशिप, इंटर्नशिप, मॉक इंटरव्यू, सॉफ्ट स्किल डेवलपमेंट, नेतृत्व प्रशिक्षण, डिजिटल कौशल विकास, उद्योग विशेषज्ञों के व्याख्यान, कृषि नवाचार, समूह चर्चा, पर्यावरण एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम सहित विभिन्न कार्यशालाएं और शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किए जाते हैं.
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि कै. नारायणराव देशमुख महाविद्यालय, चांदूर बाजार के विद्यार्थी भी डॉ. विनय वसुले के मार्गदर्शन में इसमें शामिल हुए. विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और भविष्य में करियर कट्टा की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया. कार्यक्रम को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. रामटेके का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ. वहीं संस्था के सचिव डॉ. विजय टोम्पे एवं अध्यक्ष भास्कर टोम्पे के प्रोत्साहन से महाविद्यालय में करियर कट्टा की विभिन्न गतिविधियों का प्रभावी संचालन किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों में करियर के प्रति जागरूकता बढ़ रही है.

Back to top button