देश के पहले जवाहर नवोदय विद्यालय का 41वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

अमरावती/दि.8- पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, अमरावती में विद्यालय का 41वां स्थापना दिवस 5 अगस्त को उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया. ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस विद्यालय की स्थापना 5 अगस्त 1986 को की गई थी.
कार्यक्रम की अध्यक्षता अमरावती के जिलाधिकारी तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष आशीष येरेकर ने की. विशेष अतिथि के रूप में नवोदय विद्यालय समिति, क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल के पूर्व उपायुक्त पी. एस. सरदार उपस्थित थे. इस अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालय जलगांव के पूर्व प्राचार्य श्री आर. कसर, मध्यप्रदेश के हरदा के पूर्व प्राचार्य श्री. कंठाले, अमरावती के सांसद प्रतिनिधि बी. आई. सरकटे, पूर्व मराठी शिक्षिका कल्पना मुकवाने, पूर्व एसयूपीडब्ल्यू शिक्षक एन. एम. चौधरी तथा बुलढाणा के पूर्व संगीत शिक्षक श्री. जी. ढोके सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे.
* दीप प्रज्ज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के हाथों दीप प्रज्ज्वलन और पारंपरिक नवोदय प्रार्थना से हुआ. विद्यालय के प्राचार्य एस. जे. गवई के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का संचालन सुनील काले ने किया. स्वागत गीत के बाद चहांदे ने अतिथियों का परिचय कराया. प्राचार्य के हाथों सभी अतिथियों का स्वागत एवं सत्कार किया गया. इसके बाद सावरकर मैडम ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य क्षेत्रों में उपलब्धियों का वार्षिक आढावा प्रस्तुत किया.
* रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जीता दिल
स्थलांतर (माइग्रेशन) के तहत विद्यालय में आए छात्राओं ने हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की वाहवाही लूटी. इसके अलावा दक्षिण भारतीय और गुजराती नृत्य भी प्रस्तुत किए गए. कक्षा 11वीं की छात्राओं ने महाराष्ट्र की पारंपरिक लावणी प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंग भर दिया. कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज की वेशभूषा में प्रस्तुत किया गया ‘मराठा डांस’ दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहा. प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों में उत्साह और रोमांच भर दिया.
* 30 विद्यार्थियों की संगीत महफिल बनी आकर्षण
संगीत शिक्षक विनोद अथिलकर के मार्गदर्शन में 30 विद्यार्थियों की टीम ने शानदार संगीत प्रस्तुति दी. इसमें 20 गिटार, 4 वायलिन, हार्मोनियम और तबले की जुगलबंदी ने समां बांध दिया. कार्यक्रम में प्रभावी स्टोरी टेलिंग भी प्रस्तुत की गई. विद्यालय के पीईटी रमेश बोडखे के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने शानदार बैंड प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया.
* विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम के प्रमुख अतिथियों और अध्यक्ष ने अपने मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को जीवन में मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया. ‘हम सबकी आशाओं का संसार नवोदय है’ इस मधुर समूहगीत के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का समापन हुआ. अंत में उपप्राचार्य हिस्वणकर ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया. राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम की औपचारिक सांगता हुई. इसके बाद सभी मान्यवरों के हाथों विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया.