डॉ. श्याम राठी के हाथों मेडिक्लेम पॉलिसी जागरूकता अभियान का शुभारंभ
अमरावती में ‘स्पेशल हेल्प डेस्क’ शुरू, नागरिकों को बीमा नियमों और क्लेम प्रक्रिया की दी जाएगी जानकारी

अमरावती/दि.8– स्वास्थ्य बीमा से जुड़े नियमों, शर्तों और क्लेम प्रक्रिया के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुरू किए गए मेडिक्लेम पॉलिसी जागरूकता अभियान के अंतर्गत विशेष सहायता केंद्र (स्पेशल हेल्प डेस्क) का उद्घाटन बुधवार, 5 अगस्त को अमरावती में संपन्न हुआ. कार्यक्रम का उद्घाटन शहर के वरिष्ठ अस्थिरोग एवं ट्रॉमा विशेषज्ञ डॉ. श्याम राठी के करकमलों से किया गया.
इस अवसर पर आईसीआईसीआई लोम्बार्ड के जोनल हेड भूषण सोनटक्के, शाखा प्रबंधक प्रिया ठाकरे तथा रीजनल ट्रेनर बलसो मगदुम प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, बीमा धारकों और स्वास्थ्य बीमा से जुड़े लोगों ने सहभागिता की.
इस समय अपने संबोधन में डॉ. श्याम राठी ने कहा कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य सेवाओं की लागत लगातार बढ़ रही है, ऐसे में मेडिक्लेम पॉलिसी प्रत्येक परिवार की आवश्यकता बन गई है. उन्होंने कहा कि केवल पॉलिसी खरीदना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी शर्तों, कवरेज, वेटिंग पीरियड, एक्सक्लूजन, सब-लिमिट, को-पे और क्लेम प्रक्रिया की सही जानकारी होना भी उतना ही महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में अनेक लोगों को क्लेम के समय कठिनाइयों और आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ता है. डॉ. राठी ने जनहित में शुरू किए गए इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए नागरिकों से इसका लाभ उठाने की अपील की.
आईसीआईसीआई लोम्बार्ड के जोनल हेड भूषण सोनटक्के ने स्वास्थ्य बीमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सही मार्गदर्शन और समय पर जानकारी मिलने से ग्राहकों को बेहतर सुरक्षा और क्लेम प्रक्रिया में सुविधा मिलती है. वहीं शाखा प्रबंधक प्रिया ठाकरे ने कहा कि यह अभियान लोगों को मेडिक्लेम पॉलिसी को सही ढंग से समझने और उसका जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने में मदद करेगा. उन्होंने इस पहल को जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया.
अभियान के संयोजक मनोज राठी ने बताया कि 1 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान किसी भी कंपनी की मेडिक्लेम पॉलिसी रखने वाले नागरिक अपनी पॉलिसी की विशेषज्ञों से समीक्षा करवा सकेंगे. साथ ही उन्हें पॉलिसी की शर्तों, लाभों और क्लेम प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी. उन्होंने बताया कि यह सुविधा मनोज राठी इंश्योरेंस हब, आलशी कॉम्प्लेक्स, अंबापेठ, अमरावती में उपलब्ध रहेगी. अधिक जानकारी के लिए इच्छुक नागरिक 9403405550 पर सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे के बीच संपर्क कर सकते हैं.
मनोज राठी ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य बीमा के महत्व को समझते हुए नई मेडिक्लेम पॉलिसी लेने वाले ग्राहकों का विशेष सम्मान भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वास्थ्य बीमा के प्रति जागरूक हों और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें. कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया. आभार प्रदर्शन मनोज राठी इंश्योरेंस हब की सीआरएम मैनेजर मंजुश्री बोपचे ने किया.





