उच्च न्यायालय का परसों से नया रोस्टर
7 एकल और 3 खंडपीठ रहेगी कार्यरत

नागपुर /दि.8 – आगामी सोमवार 10 अगस्त से बंबई उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ में न्यायधीशों की नई बैठक व्यवस्था अर्थात रोस्टर लागू होने जा रहा है. जिसमें 7 एकल और 3 खंडपीठ कार्यरत रहेगी.
खंडपीठ क्रमांक 1 में न्या. अनिल किलोर और न्या. रजनीश व्यास नेतृत्व करेंगे. वे जनहित याचिका, टेंडर मामले, पर्यावरण प्रकरण, मैट और कैट के मामलों सहित 2022 से चल रहे सिविल प्रकरणों की सुनवाई करेंगे. खंडपीठ क्रमांक 2 में न्या. अनिल पानसरे और न्या. निवेदिता मेहता सेवा मामलों, अवमानना अपील, प्रथम अपील कर से संबंधित प्रकरणों की सुनवाई करेंगे. न्या. उर्मिला जोशी फाल्के और न्या. राज दामोदर वाकोडे खंडपीठ क्रमांक 3 का नेतृत्व करेंगे. आपराधिक अपील, जनहित याचिका, जाति जांच प्रकरण और सेवा संबंधी मामलों की सुनवाई इस खंडपीठ में होगी.
एकलपीठ में न्या महेंद्र चांदवानी एफआईआर रद्द करने संबंधित याचिकाएं, अपराधिक सुनवाई, चार्जशीट संबंधी प्रकरणों की सुनवाई करेंगे. न्या एम.एम. नेरलीकर, नियमित और अग्रिम जमानत याचिकाओं का निपटारा करेंगे. न्या. मेहरोज पठान आपराधिक याचिकाओं, रिवीजन और अपील तथा कैदियों के प्रकरणों की सुनवाई करेंगे. न्या. वाईजी खोब्रागडे, सिविल और आपराधिक मामलों सहित बंदीवानों की अपील सुनेंगे. सर्वोच्च न्यायालय द्बारा दिए गये दिशा निर्देशों के अनुसार प्रकरणों की जल्दी अथवा समयबध्द सुनवाई को प्राथमिकता दी जायेगी. न्या नंदेश शंकरराव देशपांडे को कंपनी मामलों, बैंक नियमन प्रकरण और संबंधित केसेस की सुनवाई करने कहा गया है. नया रोस्टर रजिस्ट्रार पी.पी. जाधव ने शुक्रवार को जारी किया.





