जल शुद्धिकरण, कीटाणुशोधन और पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत शुरू

दूषित पेयजल मामले में नगर परिषद ने शुरू किए सुधारात्मक कदम

* एफडीए में शिकायत के बाद प्रशासन सक्रिय
चांदूर रेलवे /दि.8 – चांदूर रेलवे शहर में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष एवं आम आदमी पार्टी के नेता नितीन गवली द्वारा की गई शिकायत और लगातार फॉलोअप के बाद नगर परिषद प्रशासन हरकत में आया है. प्रशासन ने जिलाधिकारी आशीष येरेकर को विस्तृत स्पष्टीकरण प्रस्तुत करते हुए बताया है कि जल शुद्धिकरण, कीटाणुशोधन तथा पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है.
शहर में कथित दूषित पेयजल आपूर्ति को लेकर नितीन गवली ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन, अमरावती विभाग के पास ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एफडीए ने मामला नगर परिषद के मुख्याधिकारी के पास भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे. इसके बाद नगर परिषद ने जिलाधिकारी को अपना प्रशासनिक स्पष्टीकरण सौंपा.
* गर्मी में जलस्तर घटने से पानी मटमैला होने का दावा
नगर परिषद प्रशासन के अनुसार, गर्मी के मौसम में मालखेड़ जलाशय में जल भंडारण कम होने के कारण पानी कुछ हद तक मटमैला हो जाता है. हालांकि, नागरिकों को पानी की आपूर्ति करने से पहले फिटकरी, क्लोरीन और ब्लीचिंग पाउडर के माध्यम से जल शुद्धिकरण किए जाने का दावा प्रशासन ने किया है. इसके अलावा नागरिकों को समय-समय पर मुनादी एवं लाउडस्पीकर के माध्यम से पानी उबालकर और छानकर पीने की सलाह दिए जाने की जानकारी भी प्रशासन ने दी है.
* तीन दूषित नमूने निजी स्रोतों के होने का दावा
प्रशासन ने अपने स्पष्टीकरण में कहा है कि प्रयोगशाला जांच में दूषित पाए गए तीन पानी के नमूने नगर परिषद की सार्वजनिक जलापूर्ति योजना से नहीं, बल्कि निजी कुओं और बोरवेलों से लिए गए थे. संबंधित कुएं और बोरवेल मालिकों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही शहर की पाइपलाइन और वाल्व की मरम्मत, कीटाणुशोधन तथा ब्लीचिंग पाउडर के माध्यम से जल शुद्धिकरण का काम शुरू किया गया है. आवश्यक कार्रवाई के लिए भूजल सर्वेक्षण एवं विकास एजेंसी को भी पत्र भेजे जाने की जानकारी नगर परिषद प्रशासन ने दी है.
* गवली ने किया जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण
इस बीच 5 अगस्त को नितीन गवली और पूर्व नगरसेवक मेहमूद हुसैन ने नगर परिषद कर्मचारियों के साथ मालखेड़ जलाशय तथा शहर की जलापूर्ति व्यवस्था का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने नागरिकों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सभी सुधार कार्य जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की. गवली के लगातार प्रयासों और एफडीए में की गई शिकायत के बाद नगर परिषद की ओर से आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आया है. अब शहरवासियों को उम्मीद है कि जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार के साथ पानी की नियमित गुणवत्ता जांच भी प्रभावी तरीके से की जाएगी.
* नागरिकों के स्वास्थ्य से बढ़कर कोई मुद्दा नहीं
मेरा उद्देश्य किसी पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है. एफडीए में शिकायत के बाद प्रशासन ने स्पष्टीकरण दिया और उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी, यह सकारात्मक पहल है. लेकिन इन उपायों का प्रभावी क्रियान्वयन होकर नागरिकों को स्थायी रूप से स्वच्छ पेयजल मिले, तभी इस प्रयास की वास्तविक सफलता मानी जाएगी.
– नितीन गवली,
पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष एवं आप नेता.

Back to top button