खेत के रास्ते के विवाद में रिश्तेदार की गोली मारकर हत्या

9 घंटे में पांच आरोपी गिरफ्तार, अकोला एलसीबी दल की कार्रवाई

अकोला /दि.11– जिले के निंबी मालोकार गांव में खेत के रास्ते को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. चचेरे भाइयों ने अपने ही रिश्तेदार अमोल गजानन मालोकार पर बंदूक से गोलीबारी कर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद फरार हुए पांच आरोपियों को स्थानीय अपराध शाखा, अकोला के दल ने तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर महज नौ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया.
जानकारी के मुताबिक 9 अगस्त की दोपहर निंबी मालोकार गांव के खेत परिसर में अमोल मालोकार और उसके चचेरे भाई अजय मालोकार, विजय मालोकार तथा उनके साथियों के बीच खेत के रास्ते को लेकर विवाद हुआ. विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने अमोल पर बंदूक से गोली चला दी और मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मृतक के भाई उमेश गजानन मालोकार ने पुलिस को दी.

* घायल समझकर दोबारा लौटे आरोपी
जांच में सामने आया कि पहली गोलीबारी के बाद आरोपी मौके से भाग गए थे. बाद में उन्हें जानकारी मिली कि अमोल की मौत नहीं हुई है. इसके बाद आरोपी दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे और उसके चचेरे भाई ज्ञानेश्वर मालोकार की मौजूदगी में अमोल पर फिर गोलीबारी की. इसके बाद सभी आरोपी फरार हो गए. पुलिस के मुताबिक आरोपी विजय मालोकार ने स्वयं पुलिस को हत्या की सूचना देने का दिखावा कर जांच को भटकाने का प्रयास किया. हालांकि, तकनीकी जांच के दौरान उसकी भूमिका और उसकी मंशा पुलिस के सामने आ गई.

* तीन टीमों ने शुरू की तलाश
पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक नितीन लेव्हरकर ने तीन दल गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की. तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उमरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए विजय मालोकार, विजय बुटे और एक विधि संघर्षग्रस्त बालक को हिरासत में लिया. इसी दौरान पुलिस को पता चला कि अजय श्रीकृष्ण मालोकार और राजकुमार शिवचरण मालोकार हत्या के बाद छत्रपति संभाजीनगर की ओर भाग रहे हैं. इसके बाद स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने उनका पीछा करते हुए देऊलगांव राजा, जिला बुलढाणा में मध्यरात्रि के समय दोनों को पकड़ लिया.

* तीन वाहन, पांच मोबाइल और नकदी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्विफ्ट डिजायर, अर्टिगा और बुलेट सहित तीन वाहन, पांच मोबाइल फोन तथा **1 लाख 7 हजार 760 रुपये नकद जब्त किए हैं. इसके अलावा अन्य सामग्री और दैनिक उपयोग के बैग भी बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय श्रीकृष्ण मालोकार (33), अजय श्रीकृष्ण मालोकार (32), राजकुमार शिवचरण मालोकार (25), विजय कैलास बुटे (30) और एक विधि संघर्षग्रस्त बालक के रूप में हुई है. विजय और अजय निंबी मालोकार निवासी तथा वर्तमान में उमरी, अकोला में रह रहे थे, जबकि राजकुमार निंबी मालोकार और विजय बुटे कावसा, तहसील अकोट निवासी हैं. सभी आरोपियों को आगे की जांच के लिए बाळापुर पुलिस के हवाले किया गया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.

* पुलिस टीम की अहम भूमिका
कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, अपर पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी, स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक नितीन लेव्हरकर सहित सहायक पुलिस निरीक्षक निलेश देशमुख, गोपाल जाधव, पुलिस उपनिरीक्षक माजीद पठाण, विष्णु बोडखे, अनिल चव्हाण तथा स्थानीय अपराध शाखा के अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

Back to top button