महान में पुलिस पर हमला करने वाले 20 आरोपी गिरफ्तार

13 अगस्त तक पुलिस रिमांड

अकोला/दि.11- अंतरराष्ट्रीय आदिवासी दिवस के अवसर पर ग्राम महान में निकाली गई शोभायात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने के मामले में पिंजर पुलिस ने 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार सभी आरोपियों को 10 अगस्त को बार्शीटाकली स्थित प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने सभी आरोपियों को 13 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया.
जानकारी के मुताबिक 9 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय आदिवासी दिवस के अवसर पर पिंजर थाना क्षेत्र के ग्राम महान में शोभायात्रा निकाली गई थी. दोपहर करीब 2 बजे एसबीआई बैंक के सामने 50 से 55 लोगों का जमावड़ा हुआ. आरोप है कि भीड़ ने गैरकानूनी रूप से एकत्र होकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के सरकारी काम में बाधा डाली. इसी दौरान एक पुलिस उपनिरीक्षक पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप है. भीड़ ने पथराव करने के साथ ही लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे पुलिस उपनिरीक्षक घायल हो गए. बंदोबस्त में तैनात अन्य पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट और पथराव किए जाने की बात पुलिस ने दर्ज की है.

* गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
घटना के संबंध में पुलिसकर्मी राजेश सावले की लिखित रिपोर्ट के आधार पर 10 अगस्त को पिंजर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 354/2026 दर्ज किया गया. मामले में बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है.

* रात से ही शुरू हुई आरोपियों की तलाश
घटना की गंभीरता को देखते हुए अकोला जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने पिंजर पुलिस थाने में तत्काल आरसीपी प्लाटून और अतिरिक्त पुलिस बल भेजा. इसके बाद पुलिस ने 9 अगस्त की देर रात से ही आरोपियों की तलाश के लिए विशेष अभियान शुरू किया. अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पुलिस ने कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश अंबादास पंथरे (26), संतोष पांडुरंग सुरलकर (32), उमेश हरिदास डाखोरे (47), सागर नंदकिशोर पंधरे (20), अशोक समाधान शिरसाम (48), निलेश निळकंठ उडके (45), मदन अरुण कोकाटे (36), गोपाल गणेश कांबले (25), किसन श्रीराम गोदमले (25), प्रशांत किसन उईके (28), सचिन प्रल्हाद वाघमारे (28), आशीष बंडू सयाम (31), महादेव यशवंत डाखोरे (45), विशाल रामदास शेंडे (26), आकाश महादेव डाखोरे (20), कैलास विठ्ठल झलके (50) और अर्जुन बबन टाले (39) शामिल हैं. इनके अलावा तीन महिला आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है. सभी आरोपी बार्शीटाकली तहसील के निवासी बताए गए हैं.

* 13 अगस्त तक पुलिस हिरासत
सभी 20 आरोपियों को 10 अगस्त को प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी, बार्शीटाकली की अदालत में पेश किया गया. अदालत ने आरोपियों को 13 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया. पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यह कार्रवाई अकोला जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत बी. रेड्डी तथा मुर्तिजापुर उपविभागीय पुलिस अधिकारी वैशाली मुले के मार्गदर्शन में की गई. पिंजर थाने के प्रभारी सहायक पुलिस निरीक्षक गजानन राठोड़ और उनकी टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया. मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक गजानन राठोड़ कर रहे हैं.

Back to top button