नागपुरी गेट पुलिस की कार्रवाई, फरार आरोपी समेत तीन गिरफ्तार
अपराध में इस्तेमाल दो दोपहिया वाहन समेत 1.40 लाख रुपए का माल जब्त

अमरावती/दि.12 – नागपुरी गेट पुलिस ने चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों समेत तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 118(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो दोपहिया वाहन भी जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपए बताई गई है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम शेख समीर शेख बिसमिल्ला (20), अख्तर शान अफसर खान (23) और शरजील बेग मोहम्मद बेग (19) है.
जानकारी के मुताबिक 9 अगस्त को शिकायतकर्ता सुकली निवासी विक्की प्रदीप पटेल (22) की शिकायत पर नागपुरी गेट पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था. मामले में अमरावती के उस्मान नगर निवासी शेख समीर शेख बिस्मिल्ला (20), ताज नगर निवासी अख्तर शान अफसर खान (23) तथा गौस नगर निवासी शरजील बेग मोहम्मद बेग (19) को आरोपी बनाया गया था. मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की. इसी दौरान पुलिस के मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर तीनों आरोपियों को यास्मीन नगर से हिरासत में लिया गया. पूछताछ के बाद उन्हें पुलिस थाने लाकर गिरफ्तार किया गया.
पुलिस ने आरोपियों के पास से अपराध में इस्तेमाल की गई टीवीएस कंपनी की एक्सेस मोपेड तथा होंडा कंपनी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की हैं. दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत 1.40 लाख रुपए बताई गई है. मामले की आगे की जांच जारी है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, सहायक पुलिस आयुक्त गाडगे नगर विभाग निलेश ब्राह्मणे के मार्गदर्शन में की गई. कार्रवाई में वीपीएन मनोहर कोटनाके, पीएन निशांत देशमुख, डीबी दस्ता प्रभारी पुलिस नाईक विकास मनपिया तथा डीबी दस्ते के पुलिसकर्मियों ने सहभाग लिया. टीम में मलिक अहमद, दिनेश नांदे, दानिश इकबाल, राहुल रोड, सागर पंडित और विक्रम नशीबकर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस द्वारा मामले की जांच आगे भी जारी है.





