म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर अपराधियों की मदद करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा

दो मामलों में छह आरोपी गिरफ्तार

* 71 लाख रुपये के लेन-देन का खुलासा
* मोबाइल, सिम, पासबुक और एटीएम कार्ड जब्त
अमरावती/दि.12 – साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराकर साइबर ठगी की रकम का लेन-देन करने वाले म्यूल अकाउंट गिरोह के खिलाफ अमरावती शहर साइबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है. जांच के दौरान करीब 71 लाख रुपये के वित्तीय लेन-देन का खुलासा हुआ है. गिरफ्तार आरोपियोें के नाम बडनेरा निवासी रोहण प्रभाकर वैद्य, करण दिनेश तानोलकर, अमरावती निवासी सौरभ नितिन नेपाले, अजिंक्य गजानन गिरी, विजय महेशलाल जामनानी, मयूर हरीश मोटवानी है.
साइबर पुलिस स्टेशन, अमरावती सिटी द्वारा म्यूल अकाउंट हॉटस्पॉट का तकनीकी विश्लेषण किए जाने पर पता चला कि साइबर फ्रॉड से प्राप्त रकम आरोपियों के बैंक खातों में जमा की जाती थी. इसके बाद रकम को अलग-अलग बैंक खातों और अन्य माध्यमों से ट्रांसफर किया जाता था. जांच में यह भी सामने आया कि इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन गेमिंग और क्रिप्टोकरेंसी लेन-देन के लिए म्यूल अकाउंट के रूप में किया जा रहा था.
एक मामले में संबंधित बैंक खाते में करीब 71 लाख रुपये का वित्तीय लेन-देन पाए जाने के बाद साइबर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया गया. जांच के बाद इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की गई. पुलिस ने करण दिनेश तनोलकर, रोहन प्रभाकर वैद्य, सौरभ नितिन नेपाले, अजिंक्य गजानन गिरी को गिरफ्तार किया. वहीं एक अन्य अपराध में विजय महेशलाल जमनानी और मयूर हरीश मोटवानी को गिरफ्तार किया गया है. दोनों मामलों में गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है तथा गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
* छह मोबाइल, सिम और बैंक दस्तावेज जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल हैंडसेट, छह सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों की पासबुक, एटीएम कार्ड तथा अपराध में इस्तेमाल किए गए विभिन्न बैंक खातों की जानकारी जब्त की है. जब्त सामग्री के आधार पर पुलिस द्वारा गिरोह के अन्य सदस्यों और वित्तीय लेन-देन की कड़ियों की जांच की जा रही है.
* पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला और पुलिस उपायुक्त प्रांजलि सोनवणे के मार्गदर्शन में की गई. कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक महेंद्र अंभोरे, सहायक निरीक्षक अनिकेत कासार, हेड कांस्टेबल जितेंद्र थोरात, निखिल माहुरे, उल्हास टवलारे, नरेंद्र उघडे, महेश वाघमारे, विशाल यादव, ममता अब्रुक, अपर्णा बंडे, हेड कांस्टेबल निखिल हिमाने, अश्विन यादव, रोशन लकड़े, करण बोरकुटे, नीलेश वानखड़े, बालू पालवे, अनिकेत वानखड़े, पवन जाधव, चेतन गुल्हाने, सपना साखरे, सुषमा आठवले, स्वप्निका गवई तथा अविनाश पोकले ने की.
* नागरिकों से पुलिस की अपील
साइबर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कमीशन या किसी अन्य लालच में आकर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, यूपीआई या बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को न दें. बैंक खाता म्यूल अकाउंट के रूप में उपलब्ध कराना अथवा इसके लिए एजेंट के तौर पर काम करना कानूनन अपराध है. यदि किसी व्यक्ति को म्यूल अकाउंट के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने या किसी एजेंट द्वारा इस तरह की गतिविधि किए जाने की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल साइबर पुलिस स्टेशन, अमरावती सिटी को देने की अपील की गई है. किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करें.

Back to top button