आमझरी-खटकली में पर्यटन कॉम्प्लेक्स विकसित करने के निर्देश
आदिवासी संस्कृति, खान-पान और हस्तकला को मिलेगी वैश्विक पहचान

अमरावती /दि.12– चिखलदरा तहसील के आमझरी और खटकली क्षेत्र में पर्यटन विकास की व्यापक संभावनाओं को देखते हुए यहां पर्यटन कॉम्प्लेक्स विकसित करने की दिशा में प्रयास करने के निर्देश आदिवासी विकास आयुक्त तथा शबरी आदिवासी वित्त एवं विकास महामंडल की प्रबंध संचालक लीना बनसोड ने दिए. इसका उद्देश्य स्थानीय आदिवासी समुदाय को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है.
आमझरी स्थित वन विभाग के परिसर में आयोजित संवाद बैठक में बनसोड ने अधिकारियों को पर्यटन विकास का व्यापक एवं आकर्षक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए. बैठक में परियोजना अधिकारी सिद्धार्थ शुक्ला, सह आयुक्त दिगंबर चव्हाण, उपायुक्त संतोष ठुबे, उपायुक्त विनिता सोनवणे, उपायुक्त शशिकला अहिरराव, शबरी महामंडल के शाखा प्रबंधक गणेश साखरे, वरिष्ठ सलाहकार प्रशांत ब्राह्मणकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय नागरिक और पर्यटन समिति के सदस्य उपस्थित थे.
* प्राकृतिक सौंदर्य के साथ संस्कृति को बढ़ावा
बनसोड ने कहा कि शबरी आदिवासी वित्त एवं विकास महामंडल के माध्यम से पर्यटन संबंधी योजनाएं चलाई जा रही हैं. आमझरी और खटकली क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य का संरक्षण करते हुए यहां की आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और खान-पान को व्यापक पहचान दिलाने के प्रयास किए जाएंगे. उन्होंने क्षेत्र के लिए ऐसा पर्यटन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए, जिसमें पर्यटकों के लिए आकर्षण के केंद्र, विभिन्न पर्यटन अनुभव, आवागमन के मार्ग और आवश्यक सुविधाओं की पूरी जानकारी शामिल हो.
* पारंपरिक व्यंजनों का होगा दस्तावेजीकरण
स्थानीय आदिवासी खान-पान का पर्यटकों को प्रत्यक्ष अनुभव कराने के लिए पारंपरिक व्यंजनों और उनकी विधियों का आधिकारिक दस्तावेजीकरण किया जाएगा. इससे स्थानीय महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. होम-स्टे के माध्यम से भी स्थानीय लोगों को पर्यटन से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा.
* स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
पर्यटन विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को प्राथमिकता दी जाएगी. पर्यटकों द्वारा कचरा न फैलाया जाए, इसके लिए आचार संहिता तैयार की जाएगी. साथ ही क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था लागू करने की योजना है. क्षेत्र के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों की जानकारी पर्यटकों तक पहुंचाकर उन्हें पर्यटन मानचित्र से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा. आदिवासियों की पारंपरिक कला, सांस्कृतिक कार्यक्रम और हस्तशिल्प को पर्यटन गतिविधियों का हिस्सा बनाया जाएगा.
* सड़क और कनेक्टिविटी में सुधार
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सड़क और कनेक्टिविटी महत्वपूर्ण होने के कारण आमझरी और खटकली क्षेत्र में सड़क विकास तथा आवश्यक बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. बैठक में उपस्थित स्थानीय नागरिकों और होम-स्टे लाभार्थियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए स्थानीय स्तर पर सहयोग करने की तैयारी जताई. पर्यटन परियोजना के अगले चरण और तकनीकी पहलुओं को लेकर संबंधित अधिकारियों द्वारा विस्तृत नियोजन किया जाएगा.





