अमरावती जिले में 80 नए पोलिंग स्टेशन जुड़ेंगे
चुनाव की तैयारी

* एसआईआर के बाद पोलिंग स्टेशनों का पुनर्गठन
* अमरावती-बडनेरा में सबसे ज्यादा बढ़ेंगे केंद्र
अमरावती/दि.13 – मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के साथ अब जिले में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया भी शुरू होने जा रही है. निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, अब एक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1,200 मतदाताओं को ही रखा जाएगा. इसके चलते अमरावती जिले की आठ विधानसभा सीटों में करीब 80 नए पोलिंग स्टेशन बढ़ने की संभावना है.
जिले में पहले 1,200 से अधिक मतदाताओं वाले 328 मतदान केंद्र थे. नए मानदंड के अनुसार इन केंद्रों को विभाजित किया जाएगा. डखठ प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है. इसके बाद जिला निर्वाचन विभाग मतदान केंद्रों के समायोजन और पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू करेगा. आयोग के निर्धारित मापदंडों के अनुसार सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों से आवश्यक जानकारी मांगी गई है.
* अमरावती और बडनेरा में 32-32 नए केंद्र
मतदाताओं की संख्या के आधार पर सबसे अधिक नए मतदान केंद्र अमरावती और बडनेरा विधानसभा क्षेत्रों में 32-32 बढ़ाए जाएंगे. इसके अलावा मेलघाट में 12 और मोर्शी में 4 नए मतदान केंद्र प्रस्तावित हैं. वहीं तिवसा, दर्यापुर, धामणगांव रेलवे और अचलपुर विधानसभा क्षेत्रों में मौजूदा मतदान केंद्रों में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. उपजिला निर्वाचन अधिकारी शिवाजीराव शिंदे ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1,200 मतदाताओं को रखा जाएगा. इसी वजह से जिले में लगभग 80 नए मतदान केंद्र बढ़ेंगे. इससे मतदाताओं को मतदान के दौरान भीड़ और लंबी कतारों से राहत मिलने की उम्मीद है.





