फ्रेजरपुरा परिसर में अवैध धंधे तत्काल बंद करें, अन्यथा जनआंदोलन
बसपा का पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम

* नगरसेवक सचिन वैद्य ने पुलिस आयुक्त राकेश ओला को सौंपा ज्ञापन
अमरावती/दि.12 – फ्रेजरपुरा पुलिस थाना क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से कथित रूप से जारी अवैध गांवठी शराब, देशी शराब और गांजे की खुलेआम बिक्री के खिलाफ बहुजन समाज पार्टी ने आक्रामक रुख अपनाया है. पुलिस प्रशासन पर इस गंभीर मामले की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए बसपा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पुलिस आयुक्त राकेश ओला और जिलाधिकारी आशीष येरेकर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की.
ज्ञापन में कहा गया है कि फ्रेजरपुरा, भीमज्योत मंडल, प्रबुद्ध मंडल, सिद्धार्थ मंडल और यशोदानगर सहित आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब और गांजे की बिक्री बड़े पैमाने पर होने का आरोप है. बसपा ने कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि इन अवैध गतिविधियों पर ठोस और स्थायी कार्रवाई की आवश्यकता है. नगरसेवक सचिन वैद्य ने पुलिस आयुक्त के समक्ष कहा कि अवैध धंधों के कारण क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं की सुरक्षा का सवाल खड़ा हो गया है. साथ ही सामान्य नागरिकों के जीवन और सामाजिक वातावरण पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है.
* तीन बार शिकायत, फिर भी स्थिति जस की तस
नगरसेवक इस्माईल लालूवाले ने पुलिस आयुक्त को बताया कि अवैध धंधों के खिलाफ इससे पहले फ्रेजरपुरा पुलिस थाने और अमरावती पुलिस आयुक्तालय में तीन बार लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं. हालांकि, हर बार कुछ समय के लिए औपचारिक कार्रवाई की जाती है और उसके बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है. नगरसेविका विद्या माटे ने पुलिस प्रशासन से सवाल करते हुए कहा कि यदि पुलिस को यह जानकारी नहीं है कि अवैध शराब और गांजे की बिक्री कहां हो रही है, तो नागरिक इसकी जानकारी देने के लिए तैयार हैं. लेकिन यदि पुलिस को सब कुछ पता होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है, तो इसके पीछे कारण क्या है?
* अब चौथा ज्ञापन नहीं, जनआंदोलन
बसपा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि अवैध गतिविधियों पर स्थायी रूप से अंकुश नहीं लगाया गया तो अब चौथा ज्ञापन नहीं दिया जाएगा. इसके बजाय पार्टी सड़क पर उतरकर जनआंदोलन करेगी. आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति के लिए पुलिस प्रशासन जिम्मेदार रहेगा, ऐसा चेतावनी ज्ञापन में दी गई है. ज्ञापन सौंपते समय बसपा नगरसेवक सचिन वैद्य, मिनी महापौर इस्माईल लालूवाले, नगरसेविका विद्या माटे सहित भीमज्योत मंडल के कार्यकर्ता जयदेव पाटील, योगेश रोडगे, अमन वानखड़े, यश डांगे, गोपाल रोडगे, अनिल पाटील और महेंद्र नाईक समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.





