बैंकों हेतु पांच दिनों का हो कार्य सप्ताह

प्रलंबित मांगों के लिए बैंक कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

अमरावती /दि.13- बैंकिंग क्षेत्र के लाखों अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए पांच दिनों का कार्य सप्ताह लागू करने की मांग अब तक प्रलंबित रहने को लेकर कल बुधवार 12 अगस्त को शाम 6 बजे स्थानीय इर्विन चौराहें पर बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों द्बारा जबर्दस्त प्रदर्शन किया गया. युनाईटेड फोरम और बैंक युनियन्स द्बारा किए गये आवाहन के अनुसार अमरावती सहित पूरे राज्य में बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपनी कार्यालयीन कामकाज के समय पश्चात प्रदर्शन में शामिल होते हुए सरकार से अपनी मांगों पर त्वरित निर्णय लेने की मांग की.
डिजिटल बैंकिंग, ऑनलाइन व्यवहार, 24 घंटे उपलब्ध रहनेवाली सेवा, काम के लगातार बढते बोझ एवं सतत बढ रही जवाबदारियों के चलते बैंक कर्मचारी काफी हद तक तनाव में रहते हैं. जिसके चलते शनिवार और रविवा को साप्ताहिक अवकाश देते हुए पांच दिनों का बैंकिंग कार्य सप्ताह लागू करना मौजूदा समय की जरूरत है, ऐसा प्रदर्शन में शामिल संगठनों का कहना रहा. साथ ही यह भी कहा गया कि 27 जनवरी 2026 को हुई हडताल के बाद इस मांग पर सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा थी. इंडियन बैंक्स असो. के साथ हुए करार व जॉइंट नोट में भी इस मांग का संदर्भ रहने के बावजूद अंतिम निर्णय लेने में विलंब हो रहा है. जिसके चलते कर्मचारियों में अच्छी खासी नाराजगी है. पांच दिनों का बैकिंग सप्ताह लागू किए जाने पर कर्मचारियों को आवश्यक विश्राम मिलने के साथ ही वर्क लाईफ बैलेंस, कार्यक्षमता व उत्पादकता में वृध्दि हेतु मदद होगी. साथ ही अन्य वित्तीय व सरकारी आस्थापनाओं की तरह बैंक कर्मचारियों को भी नियमित तौर पर साप्ताहिक विश्राम मिलेगा, ऐसी मांग भी उठाई गई.
इस प्रदर्शन में बैंक कर्मचारी संगठनों का कहना रहा कि पांच दिनों के कार्य सप्ताह की मांग पूरी होने तक यह संघर्ष जारी रहेगा और सरकार द्बारा जल्द ही कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिए जाने पर आंदोलन को और भी अधिक तीव्र किया जायेगा.

Back to top button