दिनदहाड़े घर में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच ने 77,500 रुपये का माल किया जब्त

* वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद
अमरावती/दि.13 – अमरावती शहर क्राइम ब्रांच ने दिनदहाड़े घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का अधिकांश माल बरामद करने में सफलता हासिल की है. आरोपियों के पास से सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल समेत कुल 77,500 रुपये का सामान जब्त किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम बडनेरा निवासी चेतन संतोष वाहिले और वडद निवासी यश कैलाश यादव है.
जानकारी के अनुसार, खोलापुरी गेट थाना क्षेत्र के मालू लेआउट, रिंग रोड अकोली निवासी नीलिमा राकेश आकरे (42) के घर में दिन के समय चोरी हुई थी. चोर घर से दो मोबाइल फोन, सोने के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए थे. शिकायत के आधार पर खोलापुरी गेट पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था. घटना के बाद अमरावती शहर क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया. 12 अगस्त को पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी की वारदात में बडनेरा निवासी चेतन संतोष वाहिले शामिल है. सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपने दोस्त यश कैलाश यादव के साथ मिलकर चोरी करने की बात कबूल की. चेतन की निशानदेही पर पुलिस ने यश यादव को उसके घर से हिरासत में लिया. उसके घर की तलाशी के दौरान चोरी का सामान बरामद किया गया. पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 77,500 रुपये का सामान जब्त किया है. इनमे पांच ग्राम के गहने, चांदी, दो मोबाईल और एक दुपहिया का समावेश है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों से वारदात के संबंध में आगे पूछताछ की जा रही है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे किसी अन्य चोरी की घटना में शामिल हैं या नहीं.
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त शाम घुगे, पुलिस उपायुक्त प्रांजलि सोनवणे तथा सहायक पुलिस आयुक्त संजय खताले के मार्गदर्शन में क्राईम ब्रांच के पुलिस निरीक्षक दिनेश दहातोंडे, पुलिस निरीक्षक अतुल वर, सहायक पुलिस निरीक्षक मनीष वाकोडे, सहायक पुलिस निरीक्षक दशरथ आडे, एएसआई फिरोज खान, हेड कांस्टेबल मंगेश लोखंडे, संभाजी केंद्रे, संजय भारसाकले, नाजीमोद्दीन सैयद, सचिन भोयर, संजीत गावंडे, नरेश मोहरील, सूरज चव्हाण, सागर ठाकरे, निखिल गेडाम, चालक चेतन शर्मा, प्रभात पोकले, सायबर की महिला सिपाही सुषमा आठवले सहित क्राइम ब्रांच के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे.





