तलेगाव-चांदूर रेल्वे मार्गावर भीषण सड़क हादसा, एक की मौत
चार पहिया वाहन पलटने से तीन घायल; एक युवक बाल-बाल बचा

चांदूर रेल्व /दि.13- तलेगांव से चांदूर रेल्वे मार्ग पर बुधवार रात करीब 11.30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ. पांच युवकों को लेकर जा रही एक चार पहिया गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे में प्रतीक सेवाने की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए. वहीं यश जैन पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई.
जानकारी के मुताबिक पांच युवक चार पहिया वाहन से तलेगांव से चांदूर रेल्वे की ओर आ रहे थे. इसी दौरान तलेगांव क्षेत्र के शेंदुरजना खुर्द के पास वाहन अचानक पलट गया. हादसा इतना भीषण था कि प्रतीक सेवाने ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे में धीरज कलावटे, शिवा मोटवानी और आदित्य गणेडीवाल गंभीर रुप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए अमरावती रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है. इस हादसे में यश जैन को किसी प्रकार की चोट नहीं आई, जिससे बड़ा अनर्थ टल गया. घटना की जानकारी मिलते ही चांदूर रेल्वे पुलिस स्टेशन के पीएसआई नंदलाल लिंगोट तत्काल अपने दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने वहां का जायजा लिया. घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है. मामले की आगे की जांच तलेगांव दशासर पुलिस द्वारा की जा रही है.





