रहाटगांव के प्रधानमंत्री आवास प्रकल्प का आयुक्त ने किया निरीक्षण
अपूर्ण कार्य जल्द पूरा कर पात्र लाभार्थियों को मकानों का कब्जा देने के कड़े निर्देश

अमरावती/दि.15 – मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने आज सुबह मौजे रहाटगांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवास प्रकल्प का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने रहाटगांव के सर्वे नंबर 127 और सर्वे नंबर 116 स्थित परियोजनाओं के कामकाज की विस्तृत समीक्षा की.
सर्वे नंबर 116 स्थित प्रकल्प के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने लाभार्थियों की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुना. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लाभार्थियों की दिक्कतों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए. आयुक्त ने लाभार्थियों से सीधे संवाद कर निर्माण की गुणवत्ता, नागरिक सुविधाओं तथा उपलब्ध कराई जा रही अन्य सुविधाओं की जानकारी ली और मौके पर ही उनकी शंकाओं का समाधान किया. सर्वे नंबर 127 स्थित प्रकल्प में इमारतों का जो निर्माण कार्य और तकनीकी काम अभी शेष है, उसे उच्च गुणवत्ता बनाए रखते हुए तत्काल पूरा करने के निर्देश आयुक्त ने अधिकारियों और ठेकेदारों को दिए. उन्होंने कहा कि काम में अनावश्यक देरी न हो, ताकि पात्र लाभार्थियों को जल्द से जल्द उनके आवासों का कब्जा दिया जा सके. इसके अलावा सर्वे नंबर 127 स्थित सदनिकाओं का निर्माण निर्धारित समय में पूरा करने के लिए संबंधित लाभार्थियों से आवश्यक राशि जल्द जमा करने का भी आह्वान किया गया. आयुक्त ने अधिकारियों को परियोजना की प्रगति पर लगातार नजर रखने और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान नगरसेवक विनोद तानवैस, अतिरिक्त आयुक्त महेश देशमुख, अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक, उपायुक्त नरेंद्र वानखडे, शहर अभियंता श्रीधर कांबले, प्रधानमंत्री आवास योजना के उपअभियंता नितीन भटकर सहित मनपा के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे. पालिका आर्थिक विशेषज्ञ विपिन त्रिवेदी, अभियंता जिशान शौकत अली शहा, उमर फारुक, अजिंक्य घोगरे तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे. परियोजना के ठेकेदार एवं विकासक सोनल गुप्ता और नितीन पातुर्डे सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी भी निरीक्षण के दौरान उपस्थित थे.





