सड़क हादसे में जिला परिषद के पूर्व सभापति सुरेश निमकर की मौत

मंगरूल दस्तगीर के पास धामणगांव मार्ग पर चारपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त

धामणगांव रेलवे /दि.15 – अमरावती जिला परिषद के पूर्व शिक्षा एवं निर्माण सभापति सुरेश निमकर की शुक्रवार शाम सड़क हादसे में मौत हो गई. यह हादसा शाम करीब 6.30 बजे मंगरूल दस्तगीर गांव के पास धामणगांव मार्ग पर हुआ. घटना से राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र में शोक की लहर है.
जानकारी के मुताबिक सुरेश निमकर धामणगांव रेलवे से अपनी इको स्पोर्ट्स कार क्रमांक एमएच-27/बीई-8379 से अपने गांव मंगरूल दस्तगीर लौट रहे थे. इसी दौरान वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में निमकर गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल धामनगांव के ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सुरेश निमकर ने वर्ष 2018 से 2022 तक अमरावती जिला परिषद में शिक्षा एवं निर्माण सभापति के रूप में कार्य किया था. उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक व्यक्त किया जा रहा है. उनके पीछे पत्नी, एक बेटा, एक बेटी का भरापूरा परिवार है. उनका अंतिम संस्कार शनिवार 15 अगस्त को दोपहर 12 बजे शोकाकुल वातावरण में किया गया.

Back to top button