वायर के बंडल चुराने वाले आरोपी को दबोचा
खोलापुरी गेट पुलिस की कार्रवाई, माल जब्त

अमरावती/दि.15 – खोलापुरी गेट पुलिस स्टेशन की डी.बी. टीम ने बिजली फिटिंग के तार चोरी के मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज होने के महज एक घंटे के भीतर आरोपी की पहचान कर चोरी की संपत्ति बरामद कर ली. आरोपी का नाम हनुमान नगर निवासी शाहिद खान तमीज खान (21) है.
जानकारी के मुताबिक गोपाल नगर निवासी नरेश ेवसंतराव पोलकोंडवार (38) ने 14 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि आर्दश ग्रीन सिटी में उनके नए मकान का निर्माण कार्य चल रहा है और फिलहाल बिजली फिटिंग का काम जारी है. 13 अगस्त की रात 10 बजे से 14 अगस्त की सुबह 8.34 बजे के बीच अज्ञात चोर वहां से करीब 90 हजार रुपये कीमत के बिजली के तार के 62 बंडल चोरी कर ले गया. शिकायत के आधार पर खोलापुरी गेट पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
डी.बी. टीम ने गोपनीय जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान शाहिद खान तमीज खान (21) के रूप में की. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी किए गए बिजली फिटिंग के तारों को जलाकर उनमें से तांबा निकालने की बात सामने आई. पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 10 किलो तांबा बरामद किया. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त शाम घुगे, सहायक पुलिस आयुक्त राजापेठ विभाग संजय खताले तथा वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सीमा दातालकर के मार्गदर्शन में की गई. कार्रवाई में डी.बी. के अमलदार रामदास पालेवे, जुगलकिशोर यादव, हरीश वानखड़े, मोहम्मद इरफान, निवृत्ति काकड सहित अन्य पुलिस कर्मचारियों ने सहभाग लिया.





