एसटी बस के पहिए के नीचे दबकर कर्मचारी की मौत
कोल्हापुर के एसटी वर्कशॉप में दर्दनाक हादसा, चालक पर मामला दर्ज

कोल्हापुर/दि.17 – कोल्हापुर शहर में स्थित केंद्रीय बस स्थानक के एसटी वर्कशॉप में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. वर्कशॉप परिसर में काम कर रहे एक कर्मचारी की एसटी बस के पहिए के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे वर्कशॉप में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मामले में बस चालक के खिलाफ लापरवाही का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मृतक की पहचान पांडुरंग अण्णाप्पा चव्हाण के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, पांडुरंग चव्हाण महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एमएसआरटीसी) में चालक पद पर कार्यरत थे. स्वास्थ्य संबंधी कारणों से उनकी ड्यूटी फिलहाल वर्कशॉप में लगाई गई थी. बताया जाता है कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे पांडुरंग चव्हाण वर्कशॉप के रैंप क्षेत्र में काम समाप्त कर वापस लौट रहे थे. उसी दौरान चालक सिकंदर मानेर एक एसटी बस को मरम्मत के लिए वर्कशॉप के अंदर लेकर जा रहे थे. आरोप है कि बस को आगे बढ़ाते समय चालक को सामने मौजूद कर्मचारी दिखाई नहीं दिए और बस का अगला पहिया पांडुरंग चव्हाण के ऊपर चढ़ गया. हादसे के बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने शोर मचाया, जिसके बाद चालक ने तुरंत बस रोक दी. हालांकि तब तक पांडुरंग चव्हाण की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही शाहूपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना वर्कशॉप परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. फुटेज के आधार पर पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. कर्मचारियों का कहना है कि यदि बस को आगे बढ़ाने से पहले आवश्यक सावधानी बरती जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था. शाहूपुरी पुलिस थाना में चालक सिकंदर मानेर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.





