सरकार ने हटाई टैक्स वृद्धि पर लगी रोक
मनपा में 20 अगस्त को होगा फैसला

* अमरावतीवासियों पर बढ़ा आर्थिक बोझ
अमरावती/दि.18 – विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों के बाद अमरावती महानगरपालिका के बढ़े हुए प्रॉपर्टी टैक्स का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है. वर्ष 2014 में बढ़ाए गए प्रॉपर्टी टैक्स पर राज्य सरकार द्वारा लगाई गई रोक अब हटा दी गई है. सरकार की संयुक्त सचिव विद्या हंपय्या ने 10 अगस्त को मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंडवले के नाम पत्र जारी कर रोक हटाए जाने की जानकारी दी है.
सरकार के इस फैसले के बाद महानगरपालिका प्रशासन द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स के पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू किए जाने का रास्ता साफ हो गया है. इससे आने वाले दिनों में शहर के संपत्ति धारकों पर बढ़े हुए टैक्स का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की संभावना है.
* मुख्यमंत्री से मिलेंगे मेयर और पार्टी नेता
बढ़े हुए प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है. मेयर श्रीचंद तेजवानी और पार्टी नेता चेतन गवांडे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के लिए मुंबई रवाना हुए हैं. दोनों मंगलवार, 18 अगस्त को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बढ़े हुए प्रॉपर्टी टैक्स पर रोक जारी रखने की मांग करेंगे.
* 2014 में बढ़ाया गया था प्रॉपर्टी टैक्स
वर्ष 2014 में अमरावती महानगरपालिका ने प्रॉपर्टी टैक्स में वृद्धि की थी. इस वृद्धि के बाद नागरिकों में भारी नाराजगी देखने को मिली थी. तत्कालीन विधायक सुलभा खोडके ने नागरिकों की आपत्ति को देखते हुए राज्य सरकार के समक्ष टैक्स वृद्धि पर रोक लगाने का मुद्दा उठाया था. इसके बाद बढ़े हुए टैक्स की वसूली पर रोक लगाई गई थी.अब चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद सरकार द्वारा यह रोक हटाए जाने से नागरिकों के बीच फिर से नाराजगी बढ़ने की संभावना है.
* 20 अगस्त की महासभा पर नजर
प्रॉपर्टी टैक्स पर रोक हटाने संबंधी सरकार का पत्र और पुनर्मूल्यांकन का संवेदनशील मुद्दा 20 अगस्त को होने वाली महानगरपालिका की महासभा में रखा जाएगा. इस बैठक में सत्तापक्ष और विपक्ष इस मुद्दे पर क्या भूमिका अपनाते हैं, इस पर शहरवासियों की नजर रहेगी. वहीं, नए पार्षदों के सामने भी यह मुद्दा बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है. एक ओर नागरिकों में बढ़े हुए टैक्स को लेकर नाराजगी है, तो दूसरी ओर मनपा प्रशासन के सामने राजस्व बढ़ाने का दबाव है.
* नागरिकों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने दूंगा : रवि राणा
बडनेरा विधायक रवि राणा ने कहा, मैं खुद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से प्रॉपर्टी टैक्स के मुद्दे पर बात करूंगा. मैं नागरिकों पर किसी भी तरह का अतिरिक्त टैक्स का बोझ नहीं पड़ने दूंगा. अब 20 अगस्त की महासभा में इस मुद्दे पर क्या निर्णय लिया जाता है और सरकार बढ़े हुए प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर क्या रुख अपनाती है, इस पर अमरावतीकरों की नजरें टिकी हैं.