अमरावती न्यायालय परिसर में दो वकीलों के बीच मारपीट
शौचालय में बंद कर पीटने का आरोप

* हाथ, पैर और सिर पर आई चोट, मामले की जांच शुरु
अमरावती/दि.18– मुख्य अदालत परिसर में सोमवार 17 अगस्त की दोपहर मामूली बात को लेकर दो वकीलों के बीच जमकर मारपीट होने की घटना सामने आई है. आपसी नोकझोंक के बाद एक वकील को अदालत परिसर स्थित शौचालय में ले जाकर दरवाजा बंद करने और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है. घटना के बाद मामला गाडगे नगर पुलिस थाने तक पहुंच गया.
जानकारी के मुताबिक सातुर्णा निवासी एड. मयंक शर्मा (24) और विलास नगर निवासी एड. प्रेम राजेश शर्मा (25) के बीच पिछले कुछ दिनों से आपसी विवाद चल रहा था. इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर मौखिक विवाद होने की बात सामने आई है. बताया जाता है कि, सोमवार 17 अगस्त की दोपहर एड. प्रेम शर्मा हाथ में कुछ फाइलें लेकर जा रहे थे. इसी दौरान गलती से उनका हाथ एड. मयंक शर्मा को लग गया. इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरु हो गई. आरोप है कि, बाद में प्रेम शर्मा किसी बहाने से मयंक शर्मा को शौचालय में ले गए और वहां दरवाजा बंद कर उनके साथ मारपीट शुरु कर दी. शौचालय के भीतर दोनों के बीच जमकर हाथापाई हुई. इस घटना में एड. मयंक शर्मा के हाथ, पैर और सिर पर चोटें आने की जानकारी है. घटना के बाद घायल मयंक शर्मा का उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया. दूसरी ओर मामले की जानकारी मिलने के बाद दोनों पक्ष गाडगे नगर पुलिस थाने पहुंचे. दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस में शिकायत दर्ज करने की मांग की गई. गाडगे नगर पुलिस निरीक्षक गोरखनाथ जाधव ने बताया कि, घायल पक्ष अस्पताल में उपचार कराने के बाद घर चला गया है. जबकि दूसरे पक्ष के लोग थाने पहुंचकर अपना बयान दर्ज करा रहे है. फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की शिकायत दर्ज नहीं की गई है. पुलिस के मुताबिक दोनों के बयान लिए जा रहे हैं. बयान और उपलब्ध जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. मामले को लेकर अदालत परिसर में हुई इस मारपीट की घटना से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा.





