राखी के धागे के लिए डाक विभाग की ‘स्पीड’
बहनों का प्यार पहुंचेगा भाइयों तक

* अमरावती डाक विभाग ने की विशेष तैयारी
*‘राखी मेल’ पर 10 प्रतिशत छूट
अमरावती/दि.18 – रक्षाबंधन के त्योहार पर दूर रहने वाले भाइयों तक बहनों का प्यार और राखी समय पर पहुंचाने के लिए अमरावती डाक विभाग ने विशेष व्यवस्था की है. जिले की कई बहनों ने अब तक स्पीड पोस्ट के माध्यम से हांगकांग सहित विभिन्न देशों में राखियां भेजी हैं.
डाक विभाग की ओर से जिले के सभी डाकघरों में राखी भेजने के लिए विशेष आकर्षक लिफाफे उपलब्ध कराए गए हैं. घरेलू स्पीड पोस्ट की ‘राखी मेल’ सेवा पर 10 प्रतिशत विशेष छूट दी जा रही है. इंडिया पोस्ट की ओर से तैयार किए गए आकर्षक एवं गुणवत्तापूर्ण लिफाफे की कीमत केवल 12 रुपये रखी गई है. यह सुविधा अमरावती डाक मंडल के मुख्य डाकघर के साथ-साथ 93 उपडाकघरों और 414 शाखा डाकघरों में उपलब्ध कराई गई है. इससे नौकरी, व्यवसाय या अन्य कारणों से दूर रहने वाले भाइयों को बहनों की राखी समय पर भेजना आसान होगा.
* जलरोधक लिफाफे की सुविधा
राखी को सुरक्षित रखने के लिए डाक विभाग ने आकर्षक वॉटरप्रूफ लिफाफे भी उपलब्ध कराए हैं. इससे बारिश के मौसम में भी राखी को सुरक्षित तरीके से गंतव्य तक पहुंचाया जा सकेगा. विभाग का कहना है कि जो भाई-बहन रक्षाबंधन पर एक-दूसरे से नहीं मिल पा रहे हैं, वे डाक सेवा के माध्यम से इस त्योहार का भावनात्मक जुड़ाव कायम रख सकते हैं. डाक विभाग ने बहनों से रक्षाबंधन के अवसर पर राखी भेजने के लिए स्पीड पोस्ट और आईटीपीएस सेवा का लाभ उठाने की अपील की है. पी. ए. गेडाम, वरिष्ठ अधीक्षक, अमरावती डाक मंडल ने कहा कि विभाग ने राखियों को सुरक्षित और समय पर पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की है.
* विदेशों में राखी भेजने की सुविधा
देश दर (रुपये)
अमेरिका 400
कनाडा 360
ऑस्ट्रेलिया 295
जर्मनी 245
इंग्लैंड 200
सिंगापुर 185
संयुक्त अरब अमीरात 185