चांदूर रेलवे में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया

नगर परिषद में नगराध्यक्ष प्रा. प्रियंका विश्वकर्मा

* तहसील कार्यालय में एसडीओ तेजश्री कोरे ने किया ध्वजारोहण
चांदूर रेलवे/दि.18– भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस चांदूर रेलवे शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न सरकारी, अर्धसरकारी कार्यालयों, नगर परिषद स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में उत्साह एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया.
चांदूर रेलवे तहसील कार्यालय में उपविभागीय अधिकारी (एसडीओ) तेजश्री कोरे, जबकि नगर परिषद में नगराध्यक्ष प्रा. प्रियंका विश्वकर्मा के हाथों ध्वजारोहण किया गया. कृषि उपज बाजार समिति में सभापति राजेंद्र राजनेकर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इसके अलावा पुलिस स्टेशन, पंचायत समिति सहित अन्य प्रमुख सरकारी कार्यालयों में भी सम्मानपूर्वक ध्वजारोहण किया गया. ध्वजारोहण के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी. राष्ट्रगान के साथ राज्य शासन के नए नियमों के अनुसार ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया. इस अवसर पर मृदा संरक्षण, पानी बचाने, नशामुक्ति और महिला सम्मान को लेकर शपथ भी दिलाई गई. स्वतंत्रता संग्राम के महान शहीदों एवं क्रांतिकारियों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई.
नगराध्यक्ष प्रा. प्रियंका विश्वकर्मा ने उपस्थित नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संबोधित किया. उन्होंने देश के विकास में नागरिकों की जिम्मेदारी पर भी प्रकाश डाला. शहर के विभिन्न स्कूलों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. विद्यार्थियों के उत्साह से पूरे शहर में देशभक्ति का माहौल बना रहा. इस अवसर पर नगर परिषद के सभापति, नगरसेवक-नगरसेविकाएं, कर्मचारी, आमंत्रित नागरिक और पत्रकार उपस्थित रहे. कृषि उपज मंडी के संचालक भी कार्यक्रम में शामिल हुए. तहसील कार्यालय के कार्यक्रम में तहसीलदार पूजा माटोडे, नायब तहसीलदार, कर्मचारी, आमंत्रित नागरिक तथा स्वतंत्रता सेनानी मुलायमसिंग जैन अपनी पत्नी के साथ उपस्थित रहे.

Back to top button