ससुराल में नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान

पति पर आत्महत्या के लिए प्रवृत्त करने का मामला दर्ज

दर्यापुर/दि.20- दर्यापुर तहसील के बाभली गांव में शादी के महज चार महीने बाद एक नवविवाहिता ने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका की मां की शिकायत के आधार पर दर्यापुर पुलिस ने उसके पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रवृत्त करने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक अंजनगांव सुर्जी तहसील निवासी वैष्णवी (22) की शादी 21 अप्रैल 2026 को बाभली निवासी भूषण सुभाष वाकोड़े के साथ हुई थी. आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही पति ने वैष्णवी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था. लगातार मारपीट और प्रताड़ना को लेकर रिश्तेदारों की बैठक भी हुई थी, लेकिन इसके बावजूद कथित रूप से उसका उत्पीड़न जारी रहा. 16 अगस्त की शाम करीब 7 बजे वैष्णवी ने ससुराल के ऊपरी कमरे में सीलिंग फैन से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस दल और मायके वाले मौके पर पहुंचे. प्रारंभ में मृतका के चाचा की शिकायत पर आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया था. इसके बाद वैष्णवी की मां ने आरोप लगाया कि पति की लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर उनकी बेटी ने यह कदम उठाया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने 18 अगस्त को भूषण वाकोड़े के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया और उसी रात उसे गिरफ्तार कर लिया. परिजनों के अनुसार, वैष्णवी 15 अगस्त को अपने चाचा से मिली थी और उस समय वह सामान्य तथा खुश दिखाई दे रही थी. इसके अगले ही दिन उसकी आत्महत्या की खबर सामने आने से परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.

Back to top button