नागपुरी गेट पुलिस ने 19 वर्षीय युवक से देशी कट्टा किया जब्त
किसी घटना को अंजाम देने के इरादे से घूमने की सूचना पर डीबी स्क्वॉड की कार्रवाई

अमरावती/दि.20 – नागपुरी गेट थाना क्षेत्र में डीबी स्क्वॉड के दल ने एक युवक को देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया. आरोपी के पास से करीब 40 हजार रुपए मूल्य का देशी कट्टा बरामद किया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. गिरफ्तार आरोपी का नाम हैदरपुरा निवासी मोहम्मद साकिब मोहम्मद रफीक (19) है.
जानकारी के मुताबिक 20 अगस्त की रात नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन का डीबी दल गश्त कर रहा था. इसी दौरान उन्हें गोपनीय जानकारी मिली कि, एक युवक डिप्टी ग्राउंड परिसर में देशी कट्टा लेकर घूम रहा है और किसी संगीन घटना को अंजाम देने की तैयारी में है. सूचना मिलते ही डीबी दल ने डिप्टी ग्राउंड पहुंचकर संदिग्ध युवक पर नजर रखी. कुछ देर बाद संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर पुलिस ने उसे घेरकर हिरासत में लिया. तलाशी लेने पर उसकी कमर से एक देशी कट्टा बरामद हुई. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद साकिब मोहम्मद रफीक (19) बताया. पंचों की मौजूदगी में पुलिस ने उसके पास से करीब 40 हजार रुपए मूल्य का देशी कट्टा जब्त कर लिया. डीबी दल के हेड कांस्टेबल प्रवीण ढेंगेकार की लिखित रिपोर्ट के आधार पर नागपुरी गेट पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट तथा धारा 135 एमपीओसीए के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
* वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके और सहायक पुलिस आयुक्त नीलेश ब्राह्मणे के मार्गदर्शन में नागपुरी गेट के थानेदार मनोहर कोटनाके के नेतृत्व में डीबी दल प्रमुख विकास मनपिया, हेड कांस्टेबल इरफान रायलीवाले, प्रवीण ढेंगेकार, इमरान खान, पुलिसकर्मी मनीष यादव, मोहन चौहान और शेखर गायकवाड़ के दल ने की.





